गम्हरिया के विंदापुर गांव में एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या
murder. पूर्वी सिंहभूम के जिला मुख्यालय जमशेदपुर से 15 किलोमीटर दूर विंदापुर गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हत्या को निर्मम तरीके से गला रेतकर अंजाम दिया गया।
जमशेदपुर/गम्हरिया,जेएनएन। पूर्वी सिंहभूम के जिला मुख्यालय जमशेदपुर से 15 किलोमीटर दूर सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना इलाके के विंदापुर गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हत्या को निर्मम तरीके से गला रेतकर अंजाम दिया गया। मृतक राज वारदा सामाजिक कार्यकर्ता थे। इलाके में उनकी अच्छी-खासी पहचान थी।
शराबबंदी आंदोलन कर राज ने क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई थी। शराबंदी को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए वे लगातार अभियान चला रहे थे। इस वजह से इलाके के अवैध कारोबारी खुश नहीं थे। मृतक के भाई का कहना है कि शराबबंदी के लिए मुहिम की वजह से ही उसकी हत्या की गई है। हत्या करनेवाले गांव के ही हैं। हालांकि, भाई ने जमीन विवाद की बात भी कही है।
इस बीच, सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस हत्या की वजह और हत्यारों की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी जय प्रकाश राणा का कहना है कि प्रथमद्रष्टया जो तथ्य सामने आए हैं उसमें हत्या की वजह जमीन विवाद है। मिट्टी काटने को लेकर भी कुछ लोगों से राज का विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।