विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंधविश्वास ने ली जान, 'डायन' होने के शक में पड़ोसी ने बुजुर्ग महिला की गला रेतकर की हत्या 

Published: Tue, 03 Mar 2026 01:16 AM (IST)

मयूरभंज, ओडिशा में अंधविश्वास के चलते एक 62 वर्षीय महिला, जोबा टुडू, की हत्या कर दी गई। पड़ोसी जुगु मरंडी ...और पढ़ें

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

HighLights

  1. पड़ोसी ने 'डायन' होने के शक में चाकू से मारा।

  2. आरोपी जुगु मरंडी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।

जागरण संवाददाता, रायरंगपुर ओडिशा के मयूरभंज जिले से अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहल्दा पुलिस स्टेशन के तहत कुम्बरिदा गांव में काला जादू और डायन होने के शक में एक 62 वर्षीय अविवाहित महिला, जोबा टुडू, की उसके ही पड़ोसी ने घर में घुसकर हत्या कर दी।

बीमारी का शक और खूनी अंजाम 

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जुगु मरंडी (26) के परिवार के सदस्य पिछले कुछ समय से लगातार बीमार चल रहे थे। आरोपी को शक था कि उसकी पड़ोसी जोबा टुडू डायन है और वह काला जादू करके उसके परिवार में अशांति पैदा कर रही है।
 
इसी अंधविश्वास और रंजिश के चलते बीती रात जुगु ने बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर मुर्गी काटने वाले धारदार चाकू से उनकी हत्या कर दी। 

आरोपी ने किया सरेंडर 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जुगु मरंडी ने रायरंगपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि परिवार की परेशानियों का जिम्मेदार वह मृतका को ही मानता था।

घटना की सूचना मिलते ही SDPO बिरेंद्र सेनापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। बारीपदा से एक साइंटिफिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।