अब आइएमए के संयुक्त सचिव को डेंगू, पीडि़तो की संख्या 125 पहुंची Jamshedpur News
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष गुप्ता भी डेंगू के चपेट में है। उनका इलाज ब्रह्मानंद अस्पताल में चल रहा है। वहीं 14 अन्य मरीज भी मिले है। जिनका इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। शहर में डेंगू कहर बरपा रहा है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) के संयुक्त सचिव सह हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष गुप्ता भी डेंगू के चपेट में है। उनका इलाज ब्रह्मानंद अस्पताल में चल रहा है। वहीं 14 अन्य मरीज भी मिले है। जिनका इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 125 पहुंच गयी है। वहीं एक दर्जन से अधिक मरीजों का नमूना जब्त कर जांच के लिए एमजीएम कॉलेज स्थित माइक्रोबायोलॉजी विभाग भेजा गया है। गुरुवार को रिपोर्ट आने की उम्मीद है। जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. एके लाल ने बताया कि डेंगू रोग के रोकथाम के लिए विभाग की तरफ से जागरूकता अभियान के साथ-साथ एंटी लार्वा का छिड़काव व फागिंग किया जा रहा है।
हिंदुस्तान मित्र मंडल स्कूल व उसके आस-पास मिला डेंगू का लार्वा
हिंदुस्तान मित्र मंडल के बगल स्थित स्कूल परिसर व उसके आस-पास के क्षेत्रों में करीब 500 से अधिक डेंगू के लार्वा पाए गए। इसके बाद सभी लार्वा का नष्ट किया गया। स्कूल में टायर से बच्चों के खेलने का समान बनाया गया है। उसी टायर में सबसे अधिक लार्वा मिला है।
इसकी जानकारी मिलने के बाद सिविल सर्जन डॉ. महेश्वर प्रसाद ने वहां टीम भेजकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया और लोगों को जागरुक भी किया। इसके साथ ही मानगो, साकची, भुइंयाडीह सहित अन्य जगहों पर अभियान चलाकर डेंगू के लार्वा को नष्ट किया गया।
जेई के भी बढ़ रहे मरीज
डेंगू के साथ-साथ जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) के मरीज भी बढऩे लगे है। टीएमएच, मर्सी, ब्रह्मïानंद अस्पताल में चार जेई मरीजों का इलाज चल रहा है। एक साथ कई बीमारियों की प्रकोप से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।