दुर्गोत्सव पर सीएम का तोहफा, कंपनी क्षेत्र की बस्तियों में भी अब 24 घंटे पानी और बिजली Jamshedpur News
जमशेदपुर में कंपनी कमांड क्षेत्र में बसी बस्तियों में निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति के लिए टाटा स्टील के साथ राज्य सरकार बहुत जल्द समझौता करेगी।
जमशेदपुर, जासं। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि कंपनी कमांड क्षेत्र में बसी बस्तियों में निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति के लिए टाटा स्टील के साथ राज्य सरकार बहुत जल्द समझौता करेगी। इसके बाद जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की तमाम बस्तियों में भी कंपनी क्षेत्र की तरह लोगों को 24 घंटे निर्बाध बिजली और साफ पानी की सुविधा मिलने लगेगी। जमशेदपुर को देश के टॉप-10 शहरों की श्रेणी में लाने का प्रयास किया जा रहा है। 2014 के बाद से जमशेदपुर की स्थिति में बदलाव आया है।
बताते चलें कि इस समय शहर के पूर्वी क्षेत्र की कुछ बस्तियों में पानी की आपूर्ति के लिए मोहरदा जलापूर्ति योजना के संचालन की जिम्मेदारी टाटा स्टील को दी गई है। टाटा स्टील के साथ समझौता हो जाने के बाद अन्य गैर कंपनी इलाकों में भी कंपनी क्षेत्र की तरह की सुविधाएं मिलने लगेंगी। इस तरह से कंपनी व गैर कंपनी इलाकों का अंतर बहुत हद तक समाप्त हो जाएगा।
मांगी झारखंड की खुशहाली की दुआ
मुख्यमंत्री ने कहा ‘मां दुर्गा से याचना करता हूं कि मां मुझे आशीर्वाद दें ताकि राज्य की समृद्धि हेतु निरंतर कार्य करता रहूं। मैं जमशेदपुर पूर्वी के लोगों को नमन करता हूं। आप एक मजदूर परिवार के व्यक्ति को 1995 से सेवा का अवसर दे रहे हैं। आपके आदेश से ही मैं झारखंड की समृद्धि के लिए मजदूरी कर रह हूं।’ मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड वासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दी और राज्य की खुशहाली व समृद्धि के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की।