विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निखार सबलोक हत्याकांड: चांडिल पुलिस को बड़ी सफलता, कुख्यात अपराधी सिंटू सिंह गिरफ्तार, पिस्तौल व बाइक बरामद

By Dileep KumarEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Tue, 08 Sep 2026 04:04 PM (IST)

निखार सबलोक हत्याकांड में चांडिल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

मंगलवार को चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी।

मंगलवार को चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी।

HighLights

  1. कुख्यात अपराधी सिंटू सिंह निखार सबलोक हत्याकांड में गिरफ्तार।

  2. हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, बाइक और मोबाइल बरामद।

  3. चांडिल पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को जेल भेजा।

जाटी, चांडिल (सरायकेला-खरसावां)। चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित 'टेंथ माइल स्टोन' के समीप बीते 24 अगस्त को हुए निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। 
 
पुलिस ने मामले में संलिप्त कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी।  
 
उन्‍होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देशी पिस्तौल (एक जिंदा कारतूस के साथ) बरामद की गई है। 
 
पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गौरतलब है कि 24 अगस्त को 33 वर्षीय निखार सबलोक को बेखौफ अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। 
 

24 अगस्त को हुई थी गोलीबारी  

जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के निर्देश पर सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम पुलिस की संयुक्त विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।


एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए रांची से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की हुंडई आई-10 कार बरामद की थी।

मामले में अब तक सात आरोपित भेजे जा चुके हैं जेल 

पुलिस इस हत्याकांड में अब तक कुल सात अपराधियों को जेल भेज चुकी है। इससे पहले 2 सितंबर को पुलिस ने अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। 
 
उनके पास से हत्या में प्रयुक्त दो पिस्टल भी जब्त की गई थीं। एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह शातिर अपराधी है। 
 
उसके खिलाफ बोडाम, मानगो, उलीडीह और आदित्यपुर थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
 
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।