जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के दौरान कुख्यात अमरनाथ सिंह का दांया हाथ रंजीत सिंह की गोली मारकर हत्या
जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के माहौल के बीच रंजीत सिंह नामक आपराधिक पृष्ठभूमि वाले युवक की हत्या कर दी गई। यह घटना टेल्को सबुज कल्याण संघ द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा परिसर में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक कुख्यात अमरनाथ सिंह का दांया हाथ है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के कारण पूरा जमशेदपुर हाई अलर्ट पर है। जहां चप्पे-चप्पे पर 3000 से अधिक पुलिस तैनात है। इसके बावजूद अपराधियों ने चंद कदम की दूरी पर तैनात पुलिस के सामने ही कुख्यात अपराधी अमरनाथ सिंह का दायां हाथ रंजीत सिंह उर्फ रंजीत सरदार को बाइक पर सवार अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब रंजीत सिंह टिनप्लेट- गोलमुरी से अपनी 13 साल की बेटी के साथ करीब ढाई बजे महाअष्टमी का भोग लेने के लिए टेल्को सबुज कल्याण संघ द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा का भोग लाने गया था। घटना के समय वह कुछ युवकों से बात कर रहा था। इसी बीच पहले से घात लगाए अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और वह वहीं गिर गया। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। उसे गंभीर अवस्था में तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही सिटी एसपी के विजय शंकर टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। सिटी एसपी के विजय शंकर ने बताया कि अपराधी दो मोटरसाइिकल पर आए थे और पल भर में फायरिंग करते हुए निकल गए। मृतक के सिर व शरीर पर तीन गोली का निशान पाए गए। घटना स्थल पर पुलिस ने चार खोखा बरामद किया। इसके अलावा सबुज कल्याण संघ के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मामले की खुलासा कर दिया जाएगा।