मुर्गे को लेकर मारपीट से खुली पोल, नॉनवेज भी बनता है वेज रेस्टोरेंट में Jamshedpur News
पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि मामले से फूड विभाग को अवगत कराया जाएगा कि वेज रेस्टोरेंट में नॉनवेज बनना ग्राहकों के साथ धोखा है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र भालूबासा के एक वेज रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के बीच मुर्गा खाने को लेकर हुई मारपीट के बाद यह बात सामने आई कि रेस्टोरेंट में नॉनवेज बनता हैं इसके बाद यह मामला थाना तक पहुंच गया। पुलिस ने इसके प्रमाण के लिए रेस्टोरेंट का डीवीआर और मुर्गा भी जब्त कर लिया। थाना ले गई। थाना प्रभारी अंंजनी कुमार ने बताया कि मामले से फूड विभाग को अवगत कराया जाएगा कि वेज रेस्टोरेंट में नॉनवेज बनना ग्राहकों के साथ धोखा है। लिखित जानकारी दी जाएगी। बाद में मुर्गा को रोहित प्रमाणिक को सौंप दिया गया।
रेस्टोरेंट के कर्मचारी रोहित प्रमाणिक ने सीतारामडेरा थाना की पुलिस को बताया कि रेस्टोरेंट मैनेजर बाबू ने उसे देशी मुर्गा लाने को कहा था। वहां काम करने वाले वाले कर्मचारी अपने लिए सप्ताह में एक-दो दिन नॉनवेज बनाते है। गुरुवार को वह मुर्गा लेकर आया। उसे रख दिया।
यह देख कर्मचारी विष्णु ने कहा कि वह भी मुर्गा खाएगा। इसका विरोध करते हुए मैंने कहा कि मुर्गा खरीदने के लिए पैसा नहीं दिया इसलिए उसे नहीं मिलेगा। इसको लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई। वह थाना चला गया। इस बीच रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहक तक भी बात पहुंच गई। पुलिस मौके पर पहुंची। कर्मचारियों को आमने-सामने किया। सभी ने बताया कि वे लोग अपने लिए रेस्टोरेंट में नॉनवेज बनाते है।