चंद्रयान2: आज कोई सोए नहीं, रातभर जागे Jamshedpur News
लोग एक दूसरे को रातभर जागने और चंद्रयान के चांद पर उतरने के ऐतिहासिक पल का गवाह बनने की अपील करते रहे।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। आज कोई सोए नहीं, रातभर जागे। यह मैसेज कई सोशल मीडिया ग्रुप में चल रहा था। लोग एक दूसरे को रातभर जागने और चंद्रयान के चांद पर उतरने के ऐतिहासिक पल का गवाह बनने की अपील करते रहे। इस तरह के कई संदेश चंद्रयान को लेकर तमाम खास व आम लोगों के मन की भावनाओं को व्यक्त करते प्रतीत हो रहे थे।
भारत के चांद तक पहुंचने वाला दुनिया का चौथा देश बनते देखने की ख्वाहिश हर किसी के मन में थी। शुक्रवार को दिन से चंद्रयान की चर्चा हो रही थी। सफल लैंडिंग के लिए ईश्वर से प्रार्थना की भावना ने हिलोरें मारी तो आनन-फानन यज्ञ-अनुष्ठान शुरू हो गए। टेल्को से लेकर मानगो तक संस्थाओं न संगठनों ने सामूहिक पूजा-पाठ शुरू कर दिए तो मंदिरों में हाथ जोडऩे वालों की संख्या भी बढ़ी रही। शाम ढलने के साथ ही रोमांच चरम की ओर पहुंचने लगा।
बड़ी स्क्रीन पर देखने की तैयारियों पर बारिश ने डाला खलल
वैसे तो टीवी के समाचार चैनलों में लगातार चंद्रयान से जुड़ी खबरें चलती रहीं। कुछ समूहों की ओर से इस ऐतिहासिक पल को बड़े स्क्रीन पर देखने की तैयारी की गई थी लेकिन रुक-रुककर होती रही बारिश ने सार्वजनिक स्थल पर बड़ी स्क्रीन पर भारत के इतिहास दर्ज करने का दृश्य देखने की तमन्ना पूरी नहीं हो सकी। राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला की कॉलोनी में भी बड़ी स्क्रीन पर यह दृश्य देखने की व्यवस्था की गई थी जिसे बारिश के चलते रोक देना पड़ा।
सोशल मीडिया पर चला रातभर जागते रहने का संदेश
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित तमाम सोसाइटियों व संगठनों के वाट्सएप ग्रुप पर कुछ इस तरह के मैसेज खूब चले- आज कोई सोए नहीं रातभर जागे, हमारे लिए गर्व की बात। तमाम मैसेज में भारतवासियों के लिए गौरवशाली क्षण को लाइव देखने की अपील की जाती रही। लोगों ने अपने ग्रुप में चांद पर भारत की पहुंच को देखा तो तमाम लोग अपने परिवार के साथ रातभर जाग टीवी पर टकटकी लगाए रहे।