Tatanagar Station: जयपुर जाने वालों का इंतजार खत्म! टाटानगर होकर खातीपुरा के लिए चलेगी नई ट्रेन, जानिए रूट और अपडेट्स
टाटानगर रेलवे स्टेशन से जयपुर के खातीपुरा तक नई ट्रेन 26 अक्टूबर को शुरू हो सकती है। यह ट्रेन कारोबारियों, ...और पढ़ें

डीआरएम तरुण हूरिया ने बताया कि झारसुगुड़ा से टाटानगर होते हुए आसनबनी तक पांचवीं और छठी रेल लाइन बिछाने की योजना बनाई गई है।
HighLights
टाटानगर से खातीपुरा (जयपुर) के लिए नई ट्रेन शुरू होगी।
उद्घाटन 26 अक्टूबर को सांसद विद्युत वरण महतो करेंगे।
झारसुगुड़ा से आसनबनी तक पांचवीं-छठी रेल लाइन योजना।
जासं, जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन से होकर जयपुर के खातीपुरा स्टेशन तक नई ट्रेन चलाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस बहुप्रतीक्षित नई ट्रेन का उद्घाटन आगामी 26 अक्टूबर को हो सकता है।
स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। गुरुवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित 'रेल जन संवाद' कार्यक्रम के दौरान चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हूरिया ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी साझा की।
टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन शुरू किए जाने की मांग लंबे समय से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा जोर-शोर से उठाई जा रही थी। क्षेत्र के औद्योगिक और व्यावसायिक विकास को ध्यान में रखते हुए इस रेल सेवा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
इस नई ट्रेन के परिचालन से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के कारोबारियों, नौकरीपेशा वर्ग और राजस्थान की यात्रा करने वाले आम पर्यटकों व यात्रियों को सुगम और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
डीआरएम तरुण हूरिया ने बताया कि भविष्य के भारी रेल यातायात के दबाव को संतुलित करने के लिए झारसुगुड़ा से टाटानगर होते हुए आसनबनी तक पांचवीं और छठी रेल लाइन बिछाने की योजना बनाई गई है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए सर्वे का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। अतिरिक्त रेल लाइनें बिछ जाने से इस अत्यंत व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इससे ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु बनेगी और विलंब की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी। टाटानगर में आयोजित रेल जन संवाद कार्यक्रम के दौरान डीआरएम ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी जानकारी दी।
