पूर्व मंत्री के भतीजे को सरेआम मारा चाकू
पूर्व मंत्री सह कांग्रेस नेता दुलाल भुइयां के बड़े भाई कृष्णा भुइयां को बीच-बचाव करना महंगा पड़ा। एक पक्ष ने चाकू घोंपकर उसे घायल कर दिया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता) : पूर्व मंत्री सह कांग्रेस नेता दुलाल भुइयां के बड़े भाई कृष्णा भुइयां के पुत्र आमीर भुइयां को दूसरे का झगड़ा में बीच बचाव करना महंगा पड़ गया। बीच-बचाव के क्रम में आमीर भुइयां को किशोरीनगर निवासी सुरु भुइयां, आजाद भुइयां व अन्य ने चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। हल्ला होते ही आसपास के लोग जमा हो गए, इसके बाद आरोपित चाकू लहराते हुए फरार हो गया। घटना की जानकारी तत्काल पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां को दी गयी। बलदेव भुइयां ने घायल भतीजे आमीर भुइयां को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया। वहां आमीर भुइयां का ऑपरेशन किया किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सीतारामडेरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस की टीम शुरू भुइयां के कई ठिकाने पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, लेकिन उसके सभी ठिकाने पर पुलिस को ताला लटका मिला। आरोपित घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। टाटा मुख्य अस्पताल में घटना के संबंध में जानकारी देते हुए घायल आमीर भुइयां ने पुलिस को बताया कि वह स्वर्णरेखा बर्निग घाट के पास स्थित ग्राम स्थान के पास थे। इसी बीच उसने देखा कि शुरू भुइयां, आजाद भुइयां व अन्य युवक आए और बस्ती के ही शंभू नामक व्यक्ति को मारने लगे। मैं उन लोगों के बीच चला गया और बस्ती के लड़के के साथ मारपीट का विरोध किया। इस पर आरोपित शुरू भुइयां व आजाद भुइयां मुझसे बहस करने लगे। बहस बढ़ने के साथ ही दोनों ही आरोपित अपने पास रखा चाकू निकाला और मेरे पेट में घोप दिया।
जमशेदपुर के साथ राज्य में कानून व्यवस्था खराब
दैनिक जागरण से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने कहा कि जमशेदपुर ही नहीं बल्कि पूरे राज्य में कानून व्यवस्था खराब हो चुकी है। दिन दहाड़े एक शराब माफिया, डकैती के आरोपित ने चाकू मारकर मेरे भतीजे पर जानलेवा हमला किया। इससे बड़ी दुर्भाग्य की बात क्या हो सकती है। जमशेदपुर में कानून व्यवस्था इतनी लचर हो गयी है कि दिन दहाड़े चोरी-डकैती, छिनतई, हत्या जैसे घटनाएं आम हो गयी है। उन्होंने कहा कि सुरु भुइयां शराब का माफिया है। उसका देवनगर, सरजामदा, किशोरी नगर आदि स्थानों पर शराब का अवैध कारोबार है। शुरू भुइयां का नाम रंजीत हत्याकांड में भी नाम आया था। इसके अलावा उस पर डकैती, चाकू मारने का अन्य मामले थाने में दर्ज है।
सुरु को पुलिस के साथ ही दुलाल के आदमी भी कर रहे तलाश
भतीजे पर चाकू से हमला करने वाले हमलावर की तलाश में पुलिस की टीम तो जुटी ही है। साथ में पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां के आदमी भी खोज रहे हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि मेरे आदमी उसके कई ठिकाने पर तलाश की, लेकिन वह फरार हो गया है। उन्होंने कहा कि आरोपित को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।