जमशेदपुर से खड़गपुर की छात्रा के गायब होने का रहस्य सुलझा, प्रेमी संग भागकर रचा ली शादी
फेसबुक पर दोस्ती प्यार में बदली और परीक्षा देने के नाम पर घर से निकली युवती ने भागकर प्रेमी संग शादी रचा ली।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर से खडगपुर की छात्रा के गायब होने का राज खुल गया है। दरअसल, वह प्रेमी संग भाग चली थी। उसने प्रेमी से शादी भी रचा ली है। पुलिस ने छात्रा और उसके प्रेमी को मध्यप्रदेश से ढूंढ निकाला है।
बैंक की परीक्षा देने पश्चिम बंगाल के मेंहदीपुर (खडग़पुर) से मानगो आई छात्रा श्वेता शर्मा रहस्यमय ढंग से 18 अगस्त को गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर उसकी बरामदगी को लेकर पुलिस टीम पांच दिन से परेशान थी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर आखिरकार जमशेदपुर पुलिस ने छात्रा को मध्यप्रदेश के जिला देवास से खोज निकाला। उसके साथ एक युवक भी था। पूछताछ में श्वेता ने बताया कि उसने अमन व्यास से 22 अगस्त को इंदौर मेें आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। वह उसके साथ ही रहना चाहती है। अमन व्यास की उम्र 23 और श्वेता की 25 वर्ष है। अमन देवास जिले के नेमावर प्रयास चौक का रहने वाला है। शादी का प्रमाण पत्र भी पुलिस को दिखाया। वह ससुराल में रह रही है। इससे युवती के परिजनों को पुलिस ने अवगत करा दिया है।
2016 में फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में बदला
श्वेता ने बताया कि 2016 में अमन व्यास से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। बाद में दोस्ती प्यार में बदल गई। हमेशा उससे बातचीत करती थी। कभी-कभार मिलना-जुलना भी होता था। प्रेमी से मोबाइल पर बातचीत हुई। दोनों ने विवाह की योजना बनाई। तय हुआ कि खडग़पुर से वह 18 अगस्त को परीक्षा देने को जमशेदपुर के मानगो आएगी। वहीं से दोनों मध्यप्रदेश चले जाएंगे।
प्रेमी कार लेकर मानगो पहुंचा, दोनों मध्यप्रदेश रवाना हो गए
श्वेता ने जमशेदपुर की पुलिस टीम को बताया कि अमन व्यास मध्यप्रदेश से कार से जमशेदपुर के मानगो पहुंचा। श्वेता को लेकर मध्यप्रदेश के देवास जिला के लिए रवाना हो गया। दोनों ने विधिवत रुप से 22 अगस्त को विवाह कर लिया। अमन के परिवार वाले भी विवाह समारोह में शामिल हुए।
शादी कहते इंस्पेक्टर
युवती बालिग है और उसने शादी भी कर ली है। वह ससुराल में रहना चाहती है।
-अरुण कुमार महाथा, मानगो इंस्पेक्टर