26/11 हमले के समय मेरी बेटी भी ताज होटल में थी : सरयू राय
उनकी बेटी स्विटजरलैंड से होटल मैनेजमेंट का कोर्स करके ताज होटल में जॉब कर रही थी। उस समय मेरी तबीयत ठीक नहीं थी मैं हैदराबाद में था। जैसे ही हमले की मुझे खबर मिली ऐसा लगा कि मेरे पैरों के नीचे से जमीन ही खिसक गई।
जासं, जमशेदपुर : मुंबई में 26/11 पर जब आतंकी हमला हुआ था, उस समय जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय की बेटी आकांक्षा भी वहां मौजूद थी। सरयू ने शुक्रवार को एक साक्षात्कार के दौरान बताया कि उनकी बेटी स्विटजरलैंड से होटल मैनेजमेंट का कोर्स करके ताज होटल में जॉब कर रही थी। उस समय मेरी तबीयत ठीक नहीं थी, मैं हैदराबाद में था। जैसे ही हमले की मुझे खबर मिली, ऐसा लगा कि मेरे पैरों के नीचे से जमीन ही खिसक गई।
हालांकि, रात भर की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस-प्रशासन के लोगों ने होटल के अधिकारियों-कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस सूचना के बाद मैंने राहत की सांस ली। तब तक टीवी पर आंखें गड़ी हुई थी। 26/11 की 13वीं बरसी को याद करते हुए सरयू ने कहा कि उस घटना को याद करते हुए मैं आज भी सिहर जाता हूं। उस घटना में करीब 160 लोगों की जान चली गई थी। फिलहाल आकांक्षा रांची में है।