तीस साल बाद 4 को जमशेदपुर आएंगे मोरारी बापू
जमशेदपुर के बिष्टुपुर के गोपाल मैदान लगभग 30 साल बाद रामकथा में प्रसिद्ध रामकथा मर्मज्ञ मोरारी बापू प्रवचन देंगे।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : विश्व विख्यात कथावाचक सह रामकथा मर्मज्ञ मोरारी बापू लगभग 30 साल बाद आगामी 4 मई को जमशेदपुर आएंगे। करीब 600 सदस्यीय दल के साथ जमशेदपुर आ रहे मोरारी बापू यहां टांग परिवार की यजमानी में 5 मई से 13 मई तक बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में भक्तों को रामकथा सुनाएंगे। पहले दिन पांच मई को शाम चार बजे से सात बजे तक बापू का प्रवचन होगा। इसके बाद छह से 13 मई तक सुबह 9:30 बजे से दोपहर के 1:30 बजे तक प्रवचन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस संबंध में टांग परिवार के सदस्य दीपक टांग ने बताया कि इससे पूर्व मोरारी बापू का कार्यक्रम जमशेदपुर में पारिख और अदशेरा परिवार की ओर से किया गया था। मालूम हो कि मोरारी बापू रोचक और चुटीली शैली में कथा वाचन के लिए जाने जाते हैं। देश व दुनिया में 800 से अधिक रामकथा का आयोजन कर चुके हैं। वे सात सोपानों में प्रथम सदग्रंथ रामचरित मानस के प्रतिपादक है। 50 वर्षो से अधिक समय से रामचरित्र को जन-जन तक पहुंचाने में संलग्न मोरारी बापू अब तक कई देशों में भी कथा वाचन कर चुके हैं। उन्होंने मात्र 14 वर्ष की उम्र में सबसे पहले कथावाचन किया था।
----------------
बढ़ेगा प्रशासन का सिर दर्द
मोरारी बापू के जमशेदपुर के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन का सिर दर्द बढ़ेगा। चूंकि वे राजकीय अतिथि होंगे, इस कारण उनकी सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम और ठहरने की व्यवस्था का जायजा भी जिला प्रशासन लेगी। बापू के लिए प्रशासन को विशेष सुरक्षा बल का इंतजाम करना होगा।