बीच-बीच में मोबाइल बंद कर पुलिस को भरमा रहा है ' कंस मामा '
तीन साल के मासूम भांजे की हत्या का आरोपित विलासपुर में है। उसका मोबाइल लोकेशन वही मिल रहा है। वह बीच-बीच में फोन बंद कर पुलिस को भरमा रहा है।
जमशेदपुर,जेएनएन। तीन वर्षीय भांजे की हत्या का आरोपित आशुतोष झा की तलाश बिलासपुर में जारी है। उसका मोबाइल लोकेशन वहीं का पाया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर उसके परिवार वाले भी पुलिस के संपर्क में हैं। वह बीच-बीच में मोबाइल बंद कर पुलिस को भरमा रहा है।
आरोपित के पास दो मोबाइल है, जिसमें एक फोन उसने स्वीच आफ कर लिया है। दूसरा फोन ऑन है। कभी-कभी उस मोबाइल नंबर को भी वह बंद कर दे रहा है, जिसके कारण उसका लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रहा है। बिलासपुर में पुलिस आरोपित की तलाश उसकी तस्वीर के आधार पर कर रही है।
साथी को पुलिस ने छोड़ा
विलासपुर से हिरासत में लिए गए आरोपित के मित्र नंदन कुमार पांडेय को पुलिस ने छोड़ दिया है, लेकिन उस पर निगाह रखी जा रही है। सिटी एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है, लेकिन वह जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
आडियो क्लिप सुनने के बाद बोली शिवम की मां, गुमराह कर रहा है अनिकेत
हत्या आरोपित अनिकेत मेरे बाबू को कत्ल करने के लिए ही घर से लेकर गया था। वो अगर उसे कुरकुरे दिलाने ले जाता तो सामने वाली उस सड़क की तरफ जाता जिधर कई दुकानें हैं। बाबू को उधर नहीं ले जाकर वो पीछे की तरफ से टॉल ब्रिज होकर आदित्यपुर की तरफ एनआइटी के पीछे ले गया। ये बातें गुरुवार को अपने सगे मामा के हाथों बेदर्दी से कत्ल कर दिए गए तीन साल के मासूम शिवम की मां शारदा मिश्रा अपने भाई अभिषेक और हत्या आरोपित अनिकेत के बीच हुई वायरल हुई टेलीफोनिक बातचीत की आडियो क्लिप सुनने के बाद कही। कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर स्थित रोड नंबर निवासी धर्मेंद्र मिश्रा के तीन वर्षीय पुल शिवम शौर्य की हत्या गुरुवार को कर दी गई थी।
रात में बेटे का नाम लेकर चौंक पड़ती मां
मृतक बच्चे शिवम की मां ने कहा कि हत्या आरोपित अनिकेत झूठ बोल रहा है। उसने मेरी गोद सूनी कर दी। शारदा ने कहा कि अगर उसे जरा सा भी आभास हो जाता कि अनिकेत क्या करने वाला है तो वो अपने बाबू को उसके साथ हर्गिज नहीं जाने देती। शिवम की हत्या के बाद शारदा गहरे सदमे में है। वो अपनी सुध-बुध खो बैठी है। शिवम के चाचा ने बताया कि शारदा रात को अपने बेटे का नाम लेकर चौंक पड़ती है। शनिवार को शिवम का जन्म दिन था। शारदा सुबह से ही रो रही थी। वो ठीक से खाना नहीं खा रही है।
शिवम के बर्थ डे के दिन ही हुआ श्राद्ध
जिस घर में बेटे के जन्म दिन की खुशियां मनाई जानी थीं वहां सन्नाटा पसरा था। घर में शिवम की मां शारदा अकेली थी। शिवम के पिता धर्मेंद्र और करीबी रिश्तेदार सुबह 10 बजे से श्राद्ध कर्म के लिए खरकई पहुंच गए थे। देर शाम तक श्राद्ध कर्म किया गया।
परिवार को अनिकेत की गिरफ्तारी का इंतजार
शिवम के चाचा राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि शिवम को क्यों मारा ये तो हत्या आरोपित अनिकेत की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा। हम सभी उसकी गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं। जो करेगी पुलिस करेगी।