टाटा-रांची राष्ट्रीय उच्चपथ के जल्द निर्माण के लिए धरना पर बैठे विधायक सरयू राय Jamshedpur News
NH 33. जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय गुरुवार को एनएन-33 के शीघ्र निर्माण के लिए धरना पर बैठ गए हैं। बिग बाजार के पास धरना दे रहे सरयू ने कहा कि टाटा-रांची राष्ट्रीय उच्चपथ ( एनएच-33) का निर्माण जल्दी से जल्दी पूरा किया जाए।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय गुरुवार को एनएन-33 के शीघ्र निर्माण के लिए धरना पर बैठ गए हैं। बिग बाजार के पास धरना दे रहे सरयू ने कहा कि टाटा-रांची राष्ट्रीय उच्चपथ ( एनएच-33) का निर्माण जल्दी से जल्दी पूरा किया जाए। छठ पर्व के पहले पारडीह काली मंदिर से बालीगुमा तक सड़क की मरम्मत की जाए। इस धरना-प्रदर्शन में भारतीय जनता मोर्चा, जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के तमाम कार्यकर्ता शामिल हैं।
ज्ञात हो कि एनएच-33 का निर्माण झारखंड बनने के बाद से ही अधूरा पड़ा है। इसके लिए बार-बार विभिन्न राजनीतिक दलों-संगठनों की ओर से आंदोलन, धरना-प्रदर्शन किए गए, लेकिन परिणाम सिफर रहा। अब राष्ट्रीय उच्चपथ प्राधिकार ने टाटा-रांची का तीन भाग में टेंडर किया, जिसमें एक हिस्सा पारडीह काली मंदिर से बालीगुमा तक पड़ता है। आवासीय क्षेत्र होने की वजह से यहां के लोग काफी परेशानी झेल रहे हैं। इस क्षेत्र में एनएच के दोनों ओर सैकड़ों आवासीय कालोनियां हैं, जिनके लिए यही एकमात्र रास्ता है। सड़क पर पिछले कई माह से धूल उड़ रही है। पूरी सड़क गड्ढे में तब्दील हो गई है। बुधवार रात से एनएचएआइ इस पर पानी का छिड़काव कर रहा है, लेकिन मरम्मत नहीं कर रहा है। एनएचएआइ का कहना है कि मरम्मत के पैसे नहीं हैं।
भाजपा नेता ने की थी पदयात्रा
इसे लेकर भाजपा नेता विकास सिंह ने पिछले दिनों डिमना चौक से उपायुक्त कार्यालय तक पदयात्रा भी की थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। ऐसे में स्थानीय लोगों की मांग पर विधायक सरयू राय ने खुद धरना पर बैठने का निर्णय लिया है। धरना में भाजमो के जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा संयोजक मुकुल मिश्रा समेत कई कार्यकर्ता बैठे हैं, जबकि आयोजन का नेतृत्व मानगो मंडल के संयोजक संतोष भगत कर रहे हैं।