रूह कंपा देगी इस शख्स की हैवानियत, स्कूल जाते बच्चे को अगवा कर करता था ये काम
इस शख्स की हैवानियत आपकी रूह कंपा देगी। यह स्कूल जाते बच्चे को रास्ते से अगवा कर उसके साथ ऐसी हरकत करता था जिसकी कल्पना करना भी बेमानी है।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से इंसानियत को शर्मशार करनेवाली खबर है। गोलमुरी थाना क्षेत्र में रहनेवाले 10 वर्ष के एक छात्र के साथ एक युवक रोज अप्राकृतिक यौनाचार करता था। उमेश शर्मा कक्षा पांच के इस छात्र को स्कूल के रास्ते से ही उठा लेता था और खरकई रोड स्थित झाड़ी में ले जाकर धमकी देकर उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार करता था। घटना की सूचना मिलने पर गोलमुरी पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस पीड़ित छात्र की मां ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी भाजपा महिला मोर्चा की सरबजीत को दी। सरबजीत ने महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सोनिया साहू और गोलमुरी मंडल अध्यक्ष सरस्वती को बताया। तीनों महिला नेता पीड़ित छात्र व उसकी मां को लेकर गोलमुरी थाना पहुंचीं। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपित को हिरासत में ले लिया। आरोपित गोलमुरी के विजय नगर का रहने वाला है। उसकी गोलमुरी लोहार लाइन में लोहे का पलंग बनाने की दुकान है। पीड़ित छात्र के पिता ट्रक ड्राइवर हैं। पीड़ित तीन भाइयों में सबसे छोटा है। ये परिवार इतना गरीब है कि दो बेटों को दिल्ली में साली के यहां पढ़ने भेज दिया है।
बच्चे के मुंह में हुआ घाव, शौच में होने लगी थी परेशानी
पीड़ित की मां ने पुलिस को बताया कि इधर कई महीने से उमेश उसके बेटे को रोज उठा ले जाता था। बच्चा गुमसुम रहने लगा। उसके मुंह में घाव हो गया। उसे शौच करने में भी दिक्कत होने लगी तो उसने मां से अपनी दिक्कत बताई। तो एक दिन मां ने बच्चे का चुपके से पीछा किया तो देखा कि बाइक से आया उमेश उसे उठा कर खरकई रोड स्थित झाड़ी में ले गया। बाद में बच्चे ने मां को बताया कि उमेश उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद जान से मारने की धमकी देता था। जब उमेश को पता चला कि उसकी मां को ये बात मालूम हो गई है तो उमेश ने उसकी मां को भी धमकी दी। इसके बाद 20 जुलाई के बाद रोज बच्चे के साथ दुष्कर्म होने लगा। मां ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे की तबीयत बहुत खराब हो गई तो डॉक्टर को दिखाया।
चार थानों ने रिपोर्ट दर्ज करने से कर दिया था इन्कार
आरोपित उमेश शर्मा ।
भाजपा नेता सोनिया साहू ने बताया कि वो पीड़ित बच्चे और उसकी मां को लेकर गोलमुरी थाने गईं तो बताया गया कि घटनास्थल उनके इलाके में नहीं है। इसके बाद वो बिरसानगर, सिदगोड़ा और टेल्को थाना क्षेत्र गईं। वहां की पुलिस ने भी घटनास्थल अन्य थाना क्षेत्र का बता कर प्राथमिकी दर्ज करने से इंकार कर दिया। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात करने पर गोलमुरी पुलिस ने एफआइआर दर्ज किया। सोनिया ने बताया कि वो मुख्यमंत्री रघुवर दास से इस मामले की शिकायत करेंगी।
यौनशोषण मामले में महिला समेत तीन गिरफ्तार
उलीडीह थाना की पुलिस ने यौन शोषण के एक मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गयी महिला गीता देवी न्यू सीतारामडेरा की रहने वाली, जबकि राहुल महतो बागमुंडी सिंदरी का रहने वाला और जिशान शाहिद पैराडाइज क्लब के पास आजादनगर का रहने वाला है।