झारखंड में बनेगा पत्रकार सुरक्षा कानून : सरयू राय
खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सरयू राय ने राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने के लिए भरसक प्रयत्न करने की बात कही।
जमशेदपुर(जासं)। पत्रकारों पर बढ़ रहे हमलों के मद्देनजर राज्य सरकार हरकत में आई है। राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून पर चर्चा शुरू हो गई है। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सरयू राय ने राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने के लिए भरसक प्रयत्न करने की बात कही। मंत्री बुधवार को दीपावली के मौके पर अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों के घर जाकर उनसे मुलाकात कर रहे थे।
इस सिलसिले में वो एक बीमार पत्रकार नदीम अहसन के घर उनका हाल-चाल जानने गए। यहां पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के रक्षक होते हैं। वो खुद सुरक्षित नहीं है। वो असामाजिक तत्वों, घोटाला करने वालों और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के निशाने पर होते हैं। नक्शा विचलन पर लिखने की वजह से बिल्डरों के निशाने पर होते हैं। इसलिए पत्रकारों की सुरक्षा पर कानून जरूर बनना चाहिए। मंत्री से लोगों ने मुंशी मोहल्ले में सड़क नहीं बनने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने फौरन सड़क बनवाने का वादा किया। इस मौके पर मंत्री के साथ आजाद नगर भाजपा इकाई के महासचिव तनवीर अहसन अंसारी और आफताब सिद्दीकी मौजूद थे।
मॉर्निंग वॉकरों से मिले मंत्री, सुनी समस्याएं
सोनारी, एयरपोर्ट से कदमा लिंक रोड होते हुए बिष्टुपुर सर्किट हाउस गोलचक्कर एवं सांई मंदिर तक कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आए दिन सुबह मॉर्निंग वॉकरों के साथ छिनतई एवं मारपीट की शिकायत मिलने पर मंत्री सरयू राय मॉर्निंग वॉकरों से मिलने पहुंचे। लोगों ने मंत्री से कई शिकायतें की। मॉर्निंग वॉकरों ने बताया कि यहां पुलिस की व्यवस्था नहीं रहती है, जिस कारण अक्सर मारपीट एवं छिनतई की घटनाएं होती हैं। मंत्री सरयू राय ने उन्हें आश्वस्त कि इसपर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के साथ विधायक प्रतिनिधि चितरंजन वर्मा तथा मुकुल मिश्रा, अजय श्रीवास्तव, अशोक गोयल, राकेश सिंह, संजीव सिन्हा, उमेश सिंह, प्रेम पासवान आदि थे।
भाटिया बस्ती का किया दौरा
दूसरी ओर, सरयू राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र के अशोक पथ, मंदिर पथ सहित पूरे भाटिया बस्ती का दौरा किया। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर सड़क, नाली, लाइट, पानी सहित कई समस्याओं को सुना। मंत्री ने बस्तीवासियों की शिकायतों को दूर करने के लिए पदाधिकारियों को फोन पर निर्देश दिया। मंत्री के साथ मंडल अध्यक्ष दीपू सिंह, राकेश सिंह, मनीष पांडेय, केपी सिंह, राजू सिंह, शोभा श्रीवास्तव, अनुज चौधरी, सुभाष सिंह, राजकुमार दास, सीमा जायसवाल आदि भी थे।