कांड्रा इलाके में घर लौट रही महिला संग दो लोगों ने किया दुष्कर्म Jmashedpur News
कांड्रा थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव कुनामार्चा की एक महिला के साथ महताबेड़ा के समीप के जंगल में दो व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है।
गम्हरिया, जासं। कांड्रा थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव कुनामार्चा की एक महिला के साथ महताबेड़ा के समीप के जंगल में दो व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की हुई सनसनीखेज घटना से हड़कंप मच गया है। कांड्रा थाना पुलिस एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कुनामार्चा के जंगल में छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय महिला अपनी जमीन के कागजात का फोटोकॉपी कराने डुमरा आयी थी। शाम को साइकिल से घर लौटने के क्रम में महताबेड़ा के समीप स्थित एक पुलिया के पास पहले से घात लगाए बैठे दो लोगों ने उसे दबोच लिया और वहीं कई बार दुष्कर्म किया। घटना के बाद से दोनों फरार हैं।
दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास
इधर,ब्लैकमेल कर नाबालिग से दुष्कर्म मामले के अभियुक्त मानगो डिमना रोड आदर्शनगर निवासी अमन सिंह को अपर जिला व सत्र न्यायाधीश पांच सुभाष कुमार की अदालत ने आजीवन कारावास और 20 हजार अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड नहीं देने पर छह माह की अतिरिक्त सजा होगी। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक रमेश नारायण तिवारी पक्ष अदालत में रख रहे थे। घटना मानगो थाना क्षेत्र की 2018 की है। नाबालिग ने मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया था कि अमन सिंह के साथ स्कूल में दोस्ती में हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गया।
अमन ने दे रखा था शादी का झांसा
अमन ने शादी करने का झांसा दे रखा था। दिसंबर 2017 को एक दिन उसे अभियुक्त अपने घर ले गया। मर्जी के विरुद्ध दुष्कर्म किया। इसके बाद बहला-फुसलाकर कर कई बार दुष्कर्म किया। माता-पिता को उसने जानकारी दी। फटकार के बाद उसने जब अमन से बातचीत करना बंद कर दिया तो वह फोन से धमकी देने लगा और ब्लैकमेल करने लगा। मजबूर होकर वह घर से उससे मिलने निकलती थी।