प्रेमिका को चाकू मारकर जहर खाने वाला आरोपित एमजीएम से फरार
प्रेमिका को चाकू मारकर खुद जहर खाने वाला प्रेमी गुरुवार की सुबह पुलिस को भी चकमा देने में सफल रहा। हालांकि करीब आधे घंटे के बाद उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आरोपित मानगो बस स्टैंड की तरफ भागने का प्रयास कर रहा था लेकिन पुलिस के जवानों ने चालाकी से उसे दर दबोचा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : प्रेमिका को चाकू मारकर खुद जहर खाने वाला प्रेमी गुरुवार की सुबह पुलिस को भी चकमा देने में सफल रहा। हालांकि, करीब आधे घंटे के बाद उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आरोपित मानगो बस स्टैंड की तरफ भागने का प्रयास कर रहा था लेकिन पुलिस के जवानों ने चालाकी से उसे दर दबोचा।
मुसाबनी स्थित बरुनिया गांव निवासी यश मार्डी (38) बीते बुधवार को अपने प्रेमिका की गर्दन काटकर खुद भी जगर खा लिया था। इसके बाद दोनों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रेमिका की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया। वहीं आरोपित यश मार्डी का इलाज एमजीएम अस्पताल में पुलिस की निगरानी में चल रहा है। इमरजेंसी में बेड नहीं होने की वजह से उसे कुर्सी पर बैठाकर इलाज किया जा रहा था। इस दौरान जवान आरोपित को हाथ में हथकड़ी पहनाकर उसके साथ बैठा हुआ था। सुबह करीब सात बजे आरोपित के साथ बैठे एक जवान की आंख झपकने लगी। इसी बीच मौका पाकर आरोपित हाथ से हथकड़ी खोलकर भाग निकला। संयोग अच्छा था कि इमरजेंसी विभाग के बाहर ड्यूटी में तैनात दूसरा जवान मौजूद था और उसकी नजर उसपर पड़ गई। इसके बाद आरोपित तेज गति से भागने लगा। तबतक ड्यूटी पर तैनात पहला जवान भी इमरजेंसी विभाग से बाहर निकल आया और उसके पीछे-पीछे दौड़ने लगा। आरोपित को पकड़ने में दोनों जवानों को करीब आधे घंटे लग गए। पकड़ने के बाद आरोपित को जवानों ने रस्सी से बांध दिया गया। भागने का प्रयास की सूचना थाना प्रभारी को भी दी गई। उन्होंने फोर्स भेज दिया और उसे वापस लेकर आने को कहा। लेकिन, चिकित्सकों का कहना है कि आरोपित जहर खाया है, इसलिए 72 घंटे तक उसे भर्ती रखना होगा। इसके बाद ही छुंट्टी दी जा सकती है।
24 घंटे के बाद मिला मिला एमजीएम में बेड
24 घंटे के बाद एमजीएम अस्पताल में आरोपित को बेड मिल सका। इमरजेंसी विभाग में मरीजों की संख्या अधिक होने के साथ-साथ वार्ड में शिफ्ट करने वाले कर्मचारी भी नहीं है। इसके कारण आरोपित को बेड मिलने में करीब 24 घंटे का समय लग रहा। आरोपित को बीते बुधवार को शाम करीब साढ़े चार बजे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसे बेड गुरुवार की शाम करीब साढ़े चार बजे मिल सका। वह मेडिकल वार्ड में भर्ती है।
क्या है मामला
बारुनिया गांव का वार्ड सदस्य सह ग्राम प्रधान यश मार्डी (38) उसी गांव की एक विधवा से प्रेम करता था। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग वर्षो से चल रहा था। यश मार्डी अपनी प्रेमिका से विवाह करना चाहता था। परंतु प्रेमिका विधवा होने व लोक लाज के कारण विवाह नहीं करना चाहती थी। बेटी-दामाद के चलते भी वह विवाह नहीं करना चाहती थी। हालांकि, प्रेमिका यश मार्डी को कहीं और विवाह करने से भी रोकती थी। जिससे दोनों के बीच तनाव था। बुधवार दोपहर में यश मार्डी और प्रेमिका के बीच कहा-सुनी हो गई। जिसके बाद यश मार्डी ने प्रेमिका पर चाकू से वार कर दिया। प्रेमिका को पेट और गर्दन पर गंभीर जख्म आया है। प्रेमिका को जख्मी करने के बाद यश मार्डी ने खुद भी जहर खा लिया था।