Move to Jagran APP

झारखंड को बनाएंगे हृष्ट-पुष्ट व स्वस्थ : रघुवर

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड को हृष्ट-पुष्ट और स्वस्थ बनाना है।

By JagranEdited By: Published: Sun, 08 Sep 2019 07:00 PM (IST)Updated: Mon, 09 Sep 2019 06:52 AM (IST)
झारखंड को बनाएंगे हृष्ट-पुष्ट व स्वस्थ : रघुवर
झारखंड को बनाएंगे हृष्ट-पुष्ट व स्वस्थ : रघुवर

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड को हृष्ट-पुष्ट और स्वस्थ झारखंड बनाएंगे। झारखंड के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका है। राज्य की खुशहाली के लिए स्वस्थ मा और शिशु सबसे जरूरी है। राज्य में शिशु और मातृ मृत्यु दर को कम करना है। कुपोषण केवल जानकारी के अभाव में हो रहा है। राज्य में आयोजित किए जा रहे पोषण महोत्सव या पोषण माह का उद्देश्य है गर्भवती महिलाओं के बीच जागरूकता का संचार करना। ताकि वह अपने होने वाले बच्चे और खुद को पोषण युक्त भोजन उपलब्ध करा स्वस्थ रख सकें। साथ ही हम सभी की भी जिम्मवारी है कि पोषण के प्रति लोगों को जागरूक करें। मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को बिरसानगर जोन नंबर छह में आयोजित पोषण महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में पोषण महोत्सव पूरे वर्ष मनाया जाएगा।

loksabha election banner

पूरे राज्य की गर्भवती का निबंधन करें : मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान छह हजार रुपये मुहैया कराया जाता है। ताकि वे पौष्टिक भोजन इस अवधि में ले सकें। झारखंड की करीब एक लाख गर्भवती महिलाओं को निबंधित करना है। निबंधन के लिए जिम्मेदार अधिकारी पूरे राज्य की गर्भवती महिलाओं का निबंधन यथाशीघ्र सुनिश्चित करें। ताकि उन्हें मिलने वाली राशि उन तक पहुंच सके। अब हमें कुपोषण समाप्त करने के लिए इसे जन आदोलन बनाने की जरूरत है। जल सहिया की दीदिया इस कार्य में अपनी महती भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक भोजन हेतु फल की टोकरी प्रदान की। छोटे बच्चों को पौष्टिक आहार भी खिलाया और पूरे राज्यवासियों को करम पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने किया हस्ताक्षर : इससे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पोषण माह के दौरान हस्ताक्षर बूथ पर हस्ताक्षर कर इस अभियान की शुरुआत की। इसके बाद चार महिलाओं की गोद भराई मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कराई और पांच बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, वरीय आरक्षी अधीक्षक अनूप बिरथरे, अपर उपायुक्त सौरव कुमार, उप विकास आयुक्त बी माहेश्वरी, जिला योजना पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

किया सरना पूजा स्थल के सुंदरीकरण का शिलान्यास :

इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने बिरसानगर जोन नंबर छह स्थित सरना पूजा स्थल के सौंदर्यीकरण व चारदीवारी निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कहा कि देश की आजादी के लिए कुर्बान होने वाले भगवान बिरसा मुंडा सहित तमाम शहीदों को नमन करते हुए पूरे राज्य के सरना स्थलों का सौंदर्यीकरण सरकार की प्राथमिकता में है। इसको हर हाल में जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।

न पोषण का 'प' मालूम, न मिला एक धेला : पोषण महोत्सव में शामिल होने के लिए अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ कार्यक्रम में शरीक होने आई महिलाओं को पोषण का 'प' तक मालूम नहीं था। इन महिलाओं को मुख्यमंत्री मातृत्व योजना का एक धेला भी नहीं मिला था। पूछने पर महिलाओं ने बड़ी मासूमियत से कहा एक दीदी बुलाने आई थीं, इसलिए यहां चले आए।

'पोषण माह के बारे में तो कुछ मालूम नहीं है। एक दीदी आई थीं बुलाने के लिए इसलिए यहां चली आई। साथ में अपने 14 माह के बेटे निखिल को भी लाई हूं। मुख्यमंत्री मातृत्व वंदना योजना से पैसा मिला है।'

-मनीषा गुहा, बिरसानगर जोन नंबर छह

------

एक दीदी बुलाने आई थीं, इसलिए यहां आई हूं। पोषण माह के बारे में तो कुछ मालूम नहीं। बोला गया था मुंह जूठी है, इसलिए अपनी एक साल की बेटी को भी लेकर आई हूं। मुख्यमंत्री मातृत्व वंदना योजना से एक पैसा भी नहीं मिला है।

-ज्योत्सना रविदास, बिरसानगर जोन नंबर चार

-----

पोषण माह का कुछ नहीं हमें तो बताया गया था कि मुंह जूठी है, इसलिए अपने बच्चे के साथ आ जाना। इसीलिए आई हूं। मुख्यमंत्री मातृत्व वंदना योजना से कुछ भी नहीं मिला है।

-सुनीता कुजूर, बिरसानगर जोन नंबर चार

-----

मुंह जूठी का बोलकर बुलाया गया था। पोषण माह के बारे में तो कुछ मालूम नहीं। मुंह जूठी के लिए अपने छह महीने के बेटे को साथ लाई हूं। मुख्यमंत्री मातृत्व योजना से एक पैसा भी नहीं मिला है।

-सुनीता देवी, बिरसानगर जोन नंबर चार


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.