Move to Jagran APP

मीडिया, प्रशासन व सरकार के सामने समान चुनौतियां

समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की प्रमुख इकाई पत्र सूचना कार्यालय (पीआइबी) द्वारा एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला वार्तालाप लगाई गई।

By JagranEdited By: Published: Sat, 02 Mar 2019 07:30 AM (IST)Updated: Sat, 02 Mar 2019 07:30 AM (IST)
मीडिया, प्रशासन व सरकार के सामने समान चुनौतियां
मीडिया, प्रशासन व सरकार के सामने समान चुनौतियां

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की प्रमुख इकाई पत्र सूचना कार्यालय (पीआइबी) द्वारा एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला 'वार्तालाप' लगाई गई। इसमें सामाजिक अभिप्रेरक के रूप में मीडिया का दायित्व, आज के संदर्भ में मीडिया के सामने नई चुनौतिया और मीडिया कौशल उन्नयन जैसे विषयों पर चर्चा के साथ-साथ धरातल पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के विषय में आम राय और सुझाव हासिल की गई। पीआइबी के अपर महानिदेशक एसके मालवीय ने कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यशाला के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

loksabha election banner

कलम की स्वतंत्रता बनी रहनी चाहिए : उपायुक्त

उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि आज मीडिया, प्रशासन तथा सरकार सभी के सामने जन आकाक्षाओं को पूर्ण करने की समान चुनौतिया हैं। शासन-प्रशासन में हुई, हो रही किसी भी लापरवाही को इंगित करना मीडिया का काम है, इसलिए कलम की स्वतंत्रता बनी रहनी चाहिए। आज जो उम्मीद मीडिया, प्रशासन और सरकार से हैं, ये तीनों अपनी विश्वसनीयता को देखते हुए उसे पूर्ण करने में जुटे हुए हैं। उसी में कुछ लोग अगर शॉर्टकट अपनाते हैं तो वो मीडिया, प्रशासन और सरकार की प्रामाणिकता के लिए घातक होता है। ब्रेकिंग न्यूज की दौड़ में खबरों की प्रमाणिकता के साथ-साथ संतुलन जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज हम सब सूचनाओं के दौर में जी रहे हैं। सूचनाओं का सम्प्रेषण विभिन्न माध्यमों से बहुत तेजी से हो रहा है। मीडिया के सामने भी कई सारी चुनौतिया वर्तमान समय में हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से हमें 24X7 खबरें मिलती रहती हैं। सोशल मीडिया से प्राप्त खबरों में सही तथा गलत खबरों को चुनना काफी कठिन हो गया है। उपायुक्त ने मीडिया के प्रतिनिधियों से कहा कि आप समाज के आईने के रूप में जाने जाते हैं और आप पर बड़ी जिम्मेदारी भी है। सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं की सही-सही जानकारी लोगों तक पहुंचाना भी आपका कर्तव्य है। सूचनाओं, खबरों की विश्वसनीयता बनी रहे।

इंटरनेट युग में मीडिया के सामने बड़ी चुनौती : मालवीय

पीआइबी के अपर महानिदेशक एसके मालवीय ने कहा कि इस इंटरनेट के युग में मीडिया के सामने कई सारी चुनौतिया हैं। इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से खबरों की प्रामाणिकता जुटाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस दौरान पीआइबी के द्वारा किए जाने वाले कार्यो की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार और मीडिया के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना महत्वपूर्ण है। सरकार ने यह निर्णय लिया कि जिलास्तर के पत्रकारों के साथ बैठक कर उनकी बातों को सुनें।

तीन सत्र में हुई कार्यशाला

कार्यशाला को तीन सत्रों यथा उद्घाटन सत्र, तकनीकी सत्र, परिचर्चा के लिए खुला सत्र में विभाजित किया गया। इस दौरान विभिन्न मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी अपना-अपना पक्ष रखा। जिला प्रशासन की तरफ से जिला कृषि पदाधिकारी, सिविल सर्जन, एलडीएम, अभियंता-पीएचईडी ने संबंधित विभाग के उपलब्धियों और गतिविधियों को पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से उपस्थित गणमान्य के बीच प्रस्तुत की। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, सिविल सर्जन, अभियंता-पीएचईडी, एलडीएम सहित बड़ी संख्या में विभिन्न मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.