गणतंत्र दिवस समारोह के अभ्यास में दिखा जोश
गणतंत्र दिवस के जिलास्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन गोपाल मैदान बिष्टुपुर में किया जाएगा। सुबह नौ बजे खाद्य आपूर्ति व उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सरयू राय बतौर मुख्य अतिथि झंडोत्तोलन करेंगे।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : गणतंत्र दिवस के जिलास्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन गोपाल मैदान बिष्टुपुर में किया जाएगा। सुबह नौ बजे खाद्य आपूर्ति व उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सरयू राय बतौर मुख्य अतिथि झंडोत्तोलन करेंगे। समारोह के परेड में शामिल होने वाले गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह परेड में रैफ, जैप, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, सीआरपीएफ, आइआरबी, जिला पुलिस बल, जिला गृह रक्षक के साथ स्कूली बच्चों ने गुरुवार को गोपाल मैदान में पूरे जोश के साथ अंतिम अभ्यास किया। परेड का निरीक्षण सिटी एसपी प्रभात कुमार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर सुबोध कुमार व सिटी डीएसपी अनुदीप सिंह ने किया। अभ्यास में झंडा बांधने से लेकर परेड सहित हर एक्टिविटी का निरीक्षण किया गया जो 26 जनवरी को होगा। इसके बाद परेड को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों ने जवानों को टिप्स भी दिए।
--
झंडा बांधने की जिम्मेदारी सर्जेट मेजर को
मुख्य समारोह में झडा बाधने की जिम्मेदारी सार्जेट मेजर को दी गई है। परेड के पूर्वाभ्यास एवं मुख्य समारोह के दिन पेयजल की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी विशेष पदाधिकारी जमशेदपुर अक्षेस और टिनप्लेट कंपनी को दी गई। संत मैरी स्कूल को बैंड पार्टी की जिम्मेदारी दी गई। यातायात नियंत्रण, भीड़ नियंत्रण, परेड मैदान की सुरक्षा एवं झडा की निगरानी की जिम्मेदारी वरीय पुलिस अधीक्षक को दी गई। परेड में शामिल होने वाले पुलिस जवानों एवं बच्चों के लिए नाश्ते का प्रबंध करने की जिम्मेदारी विभिन्न बैंकों एवं कंपनियों को दी गई।
--
प्रतिमाओं की साफ-सफाई के निर्देश
उपायुक्त अमित कुमार ने स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और रंग रोगन की जिम्मेवारी स्थानीय निकाय के विशेष पदाधिकारियों को दी गई थी, जो लगभग पूरी हो गई है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ सफाई और रंग रोगन की जिम्मेदारी बीडीओ को दी गई है और यह कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुका है।
--
सम्मानित किए जाएंगे स्वतंत्रता सेनानी
उपायुक्त ने ग्रामीण थानों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मनित किया जाएगा। परेड के पूर्वाभ्यास और मुख्य समारोह के दिन चिकित्सा व्यवस्था की जिम्मेवारी सिविल सर्जन को, जबकि इस दौरान अग्निशमन की व्यवस्था की जिम्मेदारी अग्निशमन पदाधिकारी जमशेदपुर को दी गई है।
-----
सुबह चार से रात 11 बजे तक नो एंट्री
गणतंत्र दिवस यानि 26 जनवरी को सुबह चार बजे से रात 11 बजे तक नोइंट्री रहेगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णत: वर्जित रहेगा।