इसी महीने होगा धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का भूमि पूजन : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट निर्माण का भूमि पूजन इसी महीने होगा। एयरपोर्ट बनने से इस क्षेत्र का तेजी से विकास होगा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट निर्माण का भूमि पूजन इसी महीने होगा। एयरपोर्ट बनने से इस क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। कोल्हान के साथ ही पश्चिम बंगाल व ओडिशा के लोगों को भी इस एयरपोर्ट से लाभ होगा। क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधिया बढ़ेंगी। इस एयरपोर्ट को समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगा। राज्य सरकार इसमें पूरा सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री गुरुवार को रांची में केंद्रीय नागरिक उड्डयन सचिव आरएन चौबे के साथ राज्य में बन रहे विभिन्न एयरपोर्ट के कार्यो की समीक्षा के दौरान ने ये बातें कहीं। रघुवर दास ने कहा कि 70 साल से इस क्षेत्र की सुध किसी नहीं ली। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से यह काम सफल हो रहा है। एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा। अर्थव्यवस्था अच्छी होगी। प्रधानमंत्री का सपना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके। ज्यादा से ज्यादा लोगों को एयरपोर्ट बनने से इसका लाभ मिलेगा।
एयरपोर्ट अथोरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन गुरुपद महापात्रा ने बताया कि धालभूमगढ़ में दूसरे विश्व युद्ध के समय की यहा पर हवाई पट्टी बनी हुई है। यह एयरपोर्ट दो फेज ने बनाया जाएगा। पहले फेज में यहा छोटे विमानों का आवागमन हो सकेगा। इसका निर्माण दिसंबर 2020 तक हो जाएगा। इसके साथ ही दूसरे फेज का काम भी चलता रहेगा। बैठक में दुमका, बोकारो, पलामू, जमशेदपुर एयरपोर्ट पर भी चर्चा हुई। बैठक में मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार बर्णवाल, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त अमित कुमार आदि उपस्थित थे।