निर्वाचन सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू
उप निर्वाचन पदाधिकारी गायत्री कुमारी ने बताया कि निर्वाचन सूची का स
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : उप निर्वाचन पदाधिकारी गायत्री कुमारी ने बताया कि निर्वाचन सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण 2019 का कार्यक्रम तय हुआ है। इसके तहत शनिवार को निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन मतदान केंद्रों सहित ईआरओ एवं एईआरओ के कार्यालय में किया गया। यह कार्यक्रम एक सितंबर से 31 अक्टूबर तक प्रारूप प्रकाशन की अवधि में रहेगा। इस दौरान जितने भी नए मतदाता हैं या जितने भी छूटे हुए मतदाता हैं, उनका नाम सूची जोड़ा जाएगा। साथ ही प्रवासित और मृत अथवा अयोग्य लोगों का नाम हटाया जाएगा। गायत्री कुमारी शनिवार को सूचना भवन सभागार में पत्रकारों को संबोधित कर रही थीं।
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नौ सितंबर और 23 सितंबर को बीएलओ के द्वारा ग्राम, स्थानीय निकाय या आरडब्ल्यूए की बैठक में निर्वाचक सूची का वाचन करके सूची में शामिल नामों का सत्यापन किया जाएगा। इस बीच में दो तिथि तय की गई है 13 अक्टूबर एवं 14 अक्टूबर। जबकि बीएलओ फिर से डोर-टू-डोर जाएंगे एवं पिछले हाउस टू हाउस वेरिफिकेशन के दौरान जिन लोगों को उन्होंने एक जनवरी 2019 के आधार पर चिन्हित किया था, उनसे आवेदन प्राप्त करेंगे। 16 सितंबर और सात अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित कर विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से दावा प्राप्त किए जाएंगे। 30 नवंबर तक जितने भी मामले प्राप्त हुए हैं, उनका निष्पादन किया जाएगा और अद्यतन डेटाबेस एवं सप्लीमेंट का प्रकाशन तीन जनवरी 2019 को किया जाएगा। निर्वाचक सूची का फाइनल प्रकाशन चार जनवरी 2019 को होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि एक सितंबर 2018 की स्थिति के अनुसार जिले में कुल 16,58,549 मतदाता हैं। जिले की मतदाता जनसंख्या का अनुपात 65.90 है, निर्वाचक सूची का लिंगानुपात 951:1000 है। जिले में कुल बूथों की संख्या 1885 है।