विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेचेदा में गूंजा 'मूल्य वृद्धि वापस लो': ईरान-अमेरिका युद्ध के बहाने गैस के दाम बढ़ाने पर फूटा गुस्सा

Published: Mon, 09 Mar 2026 09:36 PM (IST)

पूर्व मेदिनीपुर के मेचेदा में केंद्र सरकार द्वारा एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी के खिलाफ विरोध ...और पढ़ें

रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी को लेकर प्रतीकात्‍मक गैस सिलेंडर जलाकर विरोध प्रदर्शन करते लोग।

रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी को लेकर प्रतीकात्‍मक गैस सिलेंडर जलाकर विरोध प्रदर्शन करते लोग।

HighLights

  1. घरेलू गैस 939 रुपये, वाणिज्यिक सिलेंडर 1990 रुपये हुआ।

  2. प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर युद्ध को बहाना बनाने का आरोप लगाया।

संसू, खड़गपुर । केंद्र सरकार द्वारा घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी के फैसले के खिलाफ पूर्व मेदिनीपुर के मेचेदा में विरोध प्रदर्शन हुआ। एसोसिएशन ऑफ इंजीनियरिंग वर्कर्स (AEUCI-कम्युनिस्ट) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने इस मूल्यवृद्धि को लोकतंत्र विरोधी और अघोषित बोझ बताते हुए केंद्र की भाजपा सरकार की कड़ी निंदा की।


आम आदमी की रसोई पर सीधी मार 

ताजा वृद्धि के बाद घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये हो गई है। वहीं, वाणिज्यिक (Commercial) सिलेंडर के दाम भी 1,875 रुपये से बढ़कर 1,990 रुपये पर पहुंच गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर की तस्वीर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।


युद्ध महज एक बहाना 

विरोध सभा को संबोधित करते हुए मेचेदा लोकल कमेटी के सुब्रत दास ने कहा कि सरकार ईरान-अमेरिका युद्ध की आड़ लेकर पूंजीपति वर्ग को फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस की आपूर्ति में कोई कमी नहीं आई है, फिर भी युद्ध के बहाने कीमतों में इजाफा करना आम जनता की जेब पर डाका डालने जैसा है।


बढ़ सकती है और भी महंगाई 

जिला कमेटी सदस्य स्वपन जाना और हेयातुल हुसैन ने चेतावनी दी कि गैस की कीमतों में बढ़ोतरी महज एक शुरुआत है। इसके बाद पेट्रोल, डीजल, खाद्य सामग्री और उर्वरकों के दाम बढ़ने की भी साजिश रची जा रही है। 
 
वक्ताओं ने कहा कि युद्ध के नाम पर कालाबाजारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे केवल खास वर्ग को लाभ होगा जबकि गरीब और मध्यम वर्ग पिस जाएगा।