पुलिस स्मरण दिवस पर शहादत को किया गया सलाम, शहीदों के सम्मान में झुके शस्त्र Jamshedpur News
police smaran divas.पुलिस संस्मरण दिवस पर पूरे कोल्हान में शहादत को सलाम किया गया। शहीदों के सम्मान में शस्त्र झुके। शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
घाटशिला/जमशेदपुर, जेएनएन। पुलिस संस्मरण दिवस पर पूरे कोल्हान में शहादत को सलाम किया गया। शहीदों के सम्मान में शस्त्र झुके। पूर्वी सिंहभूम के जिला मुख्यालय जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पुलिस लाइन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां तमाम आला पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में भी पुलिस स्मरण दिवस मनाया गया। इस दिन को शहीद दिवस के रूप में मनाते हुए वीर शहीद जवानों को याद किया गया। शहीदों के सम्मान में पुलिस स्मरण दिवस परेड का आयोजन किया गया। शहीदों के सम्मान में जवानों ने शस्त्र झुकाए और सलामी दी। देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों के बलिदान को याद किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी अमर कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रणवीर सिंह समेत कई पुलिस अधिकारियों ने शहीद जवानों को याद कर उन्हें नमन किया जिन्होंने देश की रक्षा और अपने कर्तव्य के दौरान अपने प्राण गवाए हैं।
सभी थाना में आयोजन
जवानों को संबोधित करते घाटशिला एसडीपीओ रणवीर सिंह।
अनुमंडल कार्यालय में पहली बार पुलिस स्मरण परेड का आयोजन किया गया। इस स्मरण परेड में मउभण्डार, गालूडीह और घाटशिला थाना के जवानों ने भाग लिया। इसके अलावे प्रत्येक थाना में पुलिस स्मरण परेड का आयोजन हुआ। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रणवीर सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष शहीद जवानों की याद में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मरण मनाया जाता है। आज हम उन्हें नमनः करते हैं जिन्होंने देश व समाज की रक्षा में बलिदान दिया है। एसडीपीओ ने जवानों से कहा कि हमारी वर्दी पर जनता का एक भरोसा रहता है। उस भरोसे को हमेशा कायम रखें। जनता हमसे सुरक्षा की उम्मीद रखती है। इसलिए हमारे जवान हमेशा जनता की सुरक्षा और सेवा में तत्पर रहें। इस अवसर पर घाटशिला थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा, मउभण्डार ओपी प्रभारी यूके तिवारी, एसआई प्रभात कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।