मानगो की सानिया को राज्य स्तरीय चित्रकला में मिला प्रथम पुरस्कार Jamshedpur News
ऊर्जा संरक्षण विषय पर राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में आचार्यकुलम के विद्यार्थियों ने पुरस्कार स्वरूप कुल एक लाख रुपये से अधिक का नगद ईनाम जीता।
जमशेदपुर (जासं)। भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय की ओर से ऊर्जा संरक्षण विषय पर राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें मानगो की सानिया शेजल ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार हासिल किया है।
ऊर्जा संरक्षण विषय पर राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में आचार्यकुलम के विद्यार्थियों ने पुरस्कार स्वरूप कुल एक लाख रुपये से अधिक का नगद ईनाम जीता। इसमें विद्यालय स्तर पर लगभग 20 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन सभी प्रतिभागियों में 100 प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन राज्यस्तरीय चित्रकला में हुआ। बाल दिवस पर आयोजित इस राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में आचार्यकुलम के कक्षा पांच की छात्रा सानिया शेजल को प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार का चेक प्राप्त हुआ।
प्रथम पुरस्कार विजेता शेजल के पिता संजीव कुमार मानगो मूनसिटी के रहने वाले हैं और वे बीएसएनएल में एसडीओपी पद पर कार्यरत है। शेजल की मां नमिता कुमारी कोल्हान में आरटीओ के पद पर कार्यरत है। वहीं कक्षा छह के रोनित राज को द्वितीय पुरस्कार 30 हजार, कक्षा सात की अमायदा सिंघल को सांत्वना पुरस्कार 7500 रुपया का चेक प्रदान किया गया। ये सारे प्रतिभागी नई दिल्ली में 12 दिसंबर को राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यहां के विजेताओं को राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।