Move to Jagran APP

मानगो नगर निगम चुनाव बना नवनियुक्त मंत्री के लिए चुनौती Jamshedpur News

2017 में मानगो को नगर निगम व जुगसलाई नगर परिषद बनाने की घोषणा हुई थी। निगम चुनाव कराना नए नगर विकास मंत्री के लिए चुनौती होगी।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Thu, 30 Jan 2020 03:37 PM (IST)Updated: Thu, 30 Jan 2020 03:37 PM (IST)
मानगो नगर निगम चुनाव बना नवनियुक्त मंत्री के लिए चुनौती Jamshedpur News
मानगो नगर निगम चुनाव बना नवनियुक्त मंत्री के लिए चुनौती Jamshedpur News

जमशेदपुर, मुजतबा हैदर रिजवी। झारखंड प्रदेश में नवनियुक्त नगर विकास मंत्री के लिए  मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद का चुनाव संपन्न कराना एक चुनौती बन गया है। 19 जनवरी 2017 को मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के गठन की अधिसूचना जारी हुई थी। तभी कहा गया था कि छह महीने में दोनों नगर निकायों के चुनाव संपन्न करा लिए जाएंगे। मानगो में मेयर चुन लिया जाएगा। लेकिन, दो साल बीत गए मानगो वासियों को उनका मेयर नहीं मिला। अब नई सरकार के गठन के बाद मानगो नगर निगम व जुगसलाई नगर परिषद का चुनाव होने की उम्मीद बढ़ गई है। 

loksabha election banner
जमशेदपुर में मानगो अक्षेस को मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर पालिका को नगर परिषद बना दिया गया है। लेकिन, दोनों नगर निकायों का चुनाव कराना सरकार के लिए टेढ़ी खीर है। मानगो में नगर निगम का चुनाव होना है। यहां मेयर चुना जाएगा। इस चुनाव को संपन्न कराने के लिए प्रदेश के निर्वाचन विभाग ने दो साल पहले ही प्रक्रिया शुरू की थी। जिला प्रशासन ने भी कलक्ट्रेट में कार्यपालक दंडाधिकारी यश्मिता सिंह को मानगो नगर निगम चुनाव संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारी तक तैनात कर दिया था। लेकिन बाद में इस कवायद पर अचानक ब्रेक लग गया था। तब से मामला ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। 
मानगो में बनाए गए हैं 36 वार्ड 
2011 की आबादी के अनुसार मानगो में जनसंख्या दो लाख 23 हजार 805 है। मानगो नगर निगम में 37 वार्ड बनाए गए हैं। लेकिन, वार्डों के परिसीमन का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है। अधिकारियों ने बताया कि पहले वार्ड पार्षदों का चुनाव होगा। इसके बाद वार्ड पार्षद मेयर चुनेंगे। 
आरक्षण तय नहीं होने से लटका है चुनाव 
मानगो नगर निगम व जुगसलाई नगर परिषद में वार्डों के आरक्षण का काम बाकी है। आरक्षण के पेच के चलते ही मानगो नगर निगम का चुनाव लटका हुआ है। वार्ड आरक्षण निर्धारित करने के लिए पिछड़ा व अनुसूचित जाति व जनजाति की जनसंख्या जरूरी है। जिला प्रशासन के पास मानगो व जुगसलाई में इन दोनों वर्गों की जनसंख्या के आंकड़े नहीं हैं। सरकार ये तय नहीं कर पा रही है कि पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या निकालने का कौन सा फार्मूला अपनाया जाए। 
जुगसलाई में बनाए गए हैं 22 वार्ड 
जुगसलाई की आबादी 2011 की जनगणना के अनुसार 49 हजार 660 है। नगर परिषद में 22 वार्ड का गठन दो साल पहले किया गया था। अब तक यहां भी वार्ड का परिसीमन नहीं हुआ है। साथ ही आरक्षण की प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो पाई है। आरक्षण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही चुनाव संपन्न कराए जा सकेंगे। मानगो नगर निगम में चुनाव संपन्न कराने में जो अड़चन आ रही हैं वही रुकावट जुगसलाई में भी चुनाव संपन्न कराने में आ रही है। 
ये हैं मानगो के मेयर पद के दावेदार 
मानगो नगर निगम में मेयर पद के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। इसमें भाजपा से विकास सिंह, आम आदमी के शंभू चौधरी, वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष शिवपूजन सिंह, मानगो वेलफेयर मिशन के डा. अफरोज शकील, ओवैसी की पार्टी के आफताब सिद्दीकी, कांग्र्रेस के फिरोज खान आदि शामिल हैं। इसी तरह, जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष भाजपा नेता अनिल मोदी, सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना आदि हैं। 

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.