बच्चों को अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाने की चाहत में मजबूर एक बाप बन गया चोर, चुराए 14 लाख के गहने, गिरफ्तार
रवि तंतुबाई के आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों के बच्चे अंग्रेजी मीडियम में पढ़ते हैं। जबकि पेशे से कुली होने की वजह से वह अपने बच्चों काे बड़े स्कूल में नहीं पढ़ा पाता है। अपने इसी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए उसने चोरी की।
जमशेदपुर, जासं। बिरसानगर थाना की पुलिस ने संडे मार्केट के पास रहने वाले टाटा मोटर्स के पूर्व कर्मचारी संजय कुमार सिंह के घर में 14 लाख रुपये मूल्य के गहने की चोरी मामले में रवि तंतुबाई को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की गई है। वह जोन नंबर वन बी हरि मंदिर क्षेत्र का निवासी है। उसने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। वह कुली का काम करता है, जिससे केवल खाना-पीना ही हो पाता है। बच्चे अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढ़ सकें इसलिए उसने 14 लाख रुपये मूल्य के जेवर की चोरी की थी। उसके बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं।
चोरी करते रंगे हाथों पकड़ाया शख्स
चोरी चार दिसंबर की रात को हुई थी। इधर, मामले की जानकारी देते हुए एएसपी शुभांशु जैन ने बताया कि आरोपित के पास से पुलिस ने दो जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के कान की बाली, एक चेन, सोने की दो अंगूठी, छेनी, हथौड़ी और एक प्लास बरामद की गई है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि जब वह घटना को अंजाम देकर घर से निकलकर जा रहा था तब एक व्यक्ति ने उसे देख लिया था, जिसके चलते उसने डर के मारे भागना शुरू कर दिया था।
बच्चों को अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाने की ख्वाहिश
जेवर से भरा दूसरा बैग गिर गया। उस बैग को बिरसानगर पुलिस अबतक बरामद नहीं कर सकी है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोसियों के बच्चे अंग्रेजी मीडियम में पढ़ते हैं। उसमें भी अपने बच्चों को अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाने की चाहत थी। इस कारण उसने रेकी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पिकअप वैन में सब्जी और हरी मिर्च के नीचे छिपा ले जा रहे थे गायें, पुलिस की सूझबूझ से पकड़ाए आरोपित