Entertainment : महक चहल को पता नहीं था खुद का जमशेदपुर से कनेक्शन, जाना तो दिया ऐसा रिएक्शन
Entertainment. फिल्म अभिनेत्री महक चहल को पता नहीं था कि उनका जमशेदपुर से कनेक्शन है। जाना तो कुछ ऐसा रिएक्शन दिया। आप भी जानिए।
जमशेदपुर, वीरेंद्र ओझा। फिल्म 'वांटेड' में सलमान खान के साथ अभिनय कर चुकीं महक चहल पहली बार जमशेदपुर आईं, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि उनका इस शहर से कोई कनेक्शन है। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में रिलीज फिल्म 'नई पड़ोसन' से उन्हें बॉलीवुड में ब्रेक मिला था।
इस फिल्म के निर्माता नितिन मनमोहन थे। जब उन्हें पता चला कि नितिन मनमोहन ना केवल जमशेदपुर के हैं, बल्कि उनके पिता व मनमोहन जमशेदपुर से बॉलीवुड जाने वाले पहले अभिनेता थे। यह सुनते ही महक ने कहा कि वाऊ...मुझे पता नहीं था। मेरे लिए यह सरप्राइज है। इसी क्रम में महक ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से पंजाब का है। उनके पिता तेजिंदर सिंह 1975 में नार्वे चले गए थे। महक का जन्म भी नार्वे में हुआ, तो पढ़ाई-लिखाई भी वहीं हुई। उनके माता-पिता अब भी नार्वे में रहते हैं, लेकिन वह फिल्मों में कॅरियर बनाने के उद्देश्य से 2003 में मुुंबई आ गईं।
बिग बाॅस सीजन 5 में रही रनर अप
वह बिग बॉस के सीजन-5 में रनरअप रहीं, तो पांच साल बाद बिग बॉस-10 में दोबारा मौका मिला। वह करीना कपूर के साथ 'चमेली' में भी काम कर चुकी हैं, जिसका हिट गाना 'सजना वै सजना...' उन्हीं पर फिल्माया गया था। इसके बाद अरबाज खान के साथ 'निर्दोष' समेत साउथ की करीब एक दर्जन फिल्मों में काम किया। स्टेज परफार्मेंस मुंबई आने के बाद से ही कर रही हैं। वे हिमेश रेशमिया के साथ वल्र्ड टूर कर चुकी हैं, तो सलमान के साथ भी एब्रोड में कई स्टेज शो किए। यमला पगला दीवाना... भी उनके लिए यादगार है। अब वह वेब सीरीज में काम करना चाहती हैं।