माधुरी दीक्षित के इस दीवाने ने बुक कर ली सिनेमा हॉल की सभी सीटें
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित का यह दीवाना कुछ खास है। लंबी अवधि के बाद माधुरी की फिल्म टोटल धमाल आई तो इसने सिनेमा हॉल की सभी सीटें एक शो के लिए बुक करा ली।
जमशेदपुर, जेएनएन। धक-धक गर्ल के नाम से विख्यात रही सिने अभिनेत्री माधुरी दीक्षित का यह दीवाना कुछ खास है। माधुरी के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार इस शख्स की दीवानगी माधुरी की फिल्म इंडस्ट्री में इंट्री से शुरू हुई जो आज तक बखूबी कायम है। लंबी अवधि के बाद माधुरी की फिल्म टोटल धमाल आई तो इसने सिनेमा हॉल की सभी सीटें एक शो के लिए बुक करा ली।
नाम है पप्पू सरदार। पप्पू ने शुक्रवार को माधुरी दीक्षित की नई फिल्म टोटल धमाल जमशेदपुर की सैकड़ों महिलाओं, अनाथ बच्चों व किन्नरों को दिखाई। शुक्रवार को रिलीज होने के बाद उनके लिए यह विशेष व्यवस्था माधुरी दीक्षित के प्रशंसक पप्पू सरदार की ओर से पायल टॉकीज में दोपहर ढाई बजे के शो में की गई थी। फिल्म टोटल धमाल शहर के मल्टीप्लेक्स आइलेक्स, पीएम मॉल व पायल सिनेमा में रिलीज हुई। पायल सिनेमा में दोपहर ढाई बजे के शो में नीचे की सभी सीटें पप्पू सरदार ने बुक करा ली। इतना ही नहीं, आइलेक्स व पीएम मॉल में इस फिल्म के दर्शकों को पप्पू सरदार की ओर से आइसक्रीम व चॉकलेट बांटा गया।
देश-विदेश में हैं चर्चित
माधुरी दीक्षित के अनोखे प्रशंसक के रूप में पप्पू सरदार देश-विदेश में चर्चित हैं। वे हर साल माधुरी दीक्षित का जन्मदिन धूमधाम से मनाते हैं। इस मौके पर उनके चाट की दुकान में पहुंचने वालों को मुफ्त चाट खिलाया जाता है। अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और कुष्ट आश्रमों में जाकर खुशियां मनाना खास होता है?
पर्यावरण संरक्षण के लिए पहल
पप्पू सरदार पर्यावरण संरक्षण के लिए भी खासतौर से काम करते हैं। पौधों का वितरण समय-समय पर कर लोगों को इसे लगाने और संरक्षण के लिए प्रेरित करना उन्हें औरों से अलग करता है।
मिल चुकी है माधुरी
माधुरी दीक्षित अपने दीवाने पप्पू सरदार से मिल चुकी हैं। माधुरी के खास बुलावे पर पप्पू मुंबई गए थे और दोनों की मुलाकात हुई थी।