बेटियों के सम्मान में यहां रोज एक कन्या का पूजन jamshedpur News
रेलवे लोको कॉलोनी स्थित राम मंदिर में चल रहे नवरात्र के दौरान बेटियों के सम्मान के लिए यहां रोज एक कन्या का पूजन होता है। नौ दिन 9 बच्चियों की पूजा होती है।
वेंकटेश्वर राव, जमशेदपुर : शहर में रह रहे दक्षिण भारतीय समाज के सदस्यों में नवरात्र की धूम है। यहां दक्षिण भारतीय विधि विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है। रेलवे लोको कॉलोनी स्थित राम मंदिर में चल रहे नवरात्र के दौरान बेटियों के सम्मान के लिए यहां रोज एक कन्या का पूजन होता है। नौ दिन 9 बच्चियों की पूजा होती है। पूरे कोल्हान की बात करें तो इस तरह की पूजा लोको कॉलोनी राम मंदिर में ही होती है। रविवार को नवरात्र के पहले के अवनी नामक बच्ची की पूजा की गई। पूजन कार्य को मुख्य पुजारी उमा महेश्वर राव संपन्न करा रहे हैं। पहले दिन यज्ञमान के रूप में एनवीआर मूर्ति व रामू पहाड़ी दंपत्ति उपस्थित थे। मंदिर समिति के पंडित उमा महेश्वर ने बताया कि रोज कन्या का पूरा श्रृंगार कर विधि विधान से पूजा की जा रही है। इस तरह की पूजा का मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या को रोकना महिलाओं को सम्मान दिलाने का संदेश देना है। राममंदिर में नवरात्र के उपलक्ष्य में ललिता प्रीतम महोत्सव तथा कुमकुम पूजा का भी आयोजन होता है। इस दौरान नौ दिनों तक मा के विभिन्न रूपों की पूजा विधि-विधान के साथ की जाती है। वहीं, इस दौरान कन्या की भी पूजा की जाती है। पूजा के बाद कन्या भोज का भी आयोजन किया जाता है। पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा की गई। इधर आंध्र एसोसिएशन कदमा में पिछले 28 साल से नवरात्र मनाया जाता है। यहां रोज माता सरस्वती की पूजा की जाती है। एसोसिएशन के पूर्व महासचिव ओएसपी राव ने कहा कि दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार माता सरस्वती की पूजा की जाती है। स्कूल परिसर में इस पूजा का विशेष महत्व है। पहले दिन यहां कलश स्थापना जे आदिनारायणा दंपत्ति ने की।