प्रदेश स्तर पर ताल ठोकेंगे कोल्हान विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी संघ के नेता Jamshedpur News
Kolhan University. महाधिवेशन के बहाने कोल्हान विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के नेता प्रदेश स्तर पर अपनी जमीन तलाशना चाहते हैं। इस संगठन के कोल्हान के तीन नेता प्रदेश के संघ में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं। केयू के निर्णय के बाद कर्मचारियों के रुख में नरमी आई है।
जमशेदपुर, जासं। कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा कर्मचारियों के हितों में लिए गए निर्णयों के बाद झारखंड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ की कोल्हान विश्वविद्यालय क्षेत्रीय महासंघ के पदाधिकारी गदगद है। महासंघ के पदाधिकारी जल्द ही इसके बहाने महाधिवेशन बुलाने की तैयारी कर रहे हैं।
महाधिवेशन दिसंबर माह में ही प्रस्तावित है। इस महाधिवेशन के बहाने कोल्हान विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के नेता प्रदेश स्तर पर अपनी जमीन तलाशना चाहते हैं। इस संगठन के कोल्हान के तीन नेता प्रदेश के संघ में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं। इस रणनीति के कोल्हान महासंघ के मुख्य पदाधिकारी महाधिवेशन कराकर यहां के संगठन को और धारधार बनाना चाहते हैं, ताकि वे प्रदेश के महाधिवेशन में अपनी बात मजबूती से रख सके तथा चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सके।
ली जा रही कर्मचारियों की राय
इसके लिए कोल्हान विश्वविद्यालय क्षेत्रीय महासंघ के प्रक्षेत्रीय सचिव सह सीनेट सदस्य विश्वंभर यादव, अध्यक्ष मनोज किशोर, प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश चंद्र ठाकुर, प्रवक्ता चंदन कुमार महाधिवेशन के बहाने प्रदेश प्रतिनिधि के रूप में कर्मचारियों की राय जाननी प्रारंभ कर दी है। मालूम हो कि कोल्हान महासंघ की पिछली बैठक में महासंघ के पदाधिकारियों को कर्मचारी की खरी-खरी सुननी पड़ी थी, लेकिन अब केयू के निर्णय के बाद कर्मचारियों के रुख में नरमी आई है। इस कारण महाधिवेशन भी जल्द से जल्द कराने को लेकर विचार-मंथन प्रारंभ हो गया है।
कर्मचारियों की ये मांगे केयू ने मानी
-मैट्रिक उत्तीर्ण कर्मचारी को 1800 का ग्रेड पे तथा नन मैट्रिक को 1600 का ग्रेड पे मिलेगा।
-सातवें वेतनमान के विरूद्ध संभावित एरियर के मद में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी को 50 हजार तथा तृतीय वर्गीय कर्मचारी को 75 हजार रुपया मिलेगा।
- विश्वविद्यालय मुख्यालय में प्रतिनियुक्त कर्मचारियों को प्रतिनियुक्त भत्ता के रूप में तृतीय वर्गीय कर्मचारी को 1000 रुपए तथा चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी को 700 रुपए प्रदान किया जाएगा।