कुकड़ू में टाटा पावर की 437 एकड़ जमीन पर बनेगा नया औद्योगिक पार्क, जियाडा ने शुरू की तैयारी
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू में टाटा पावर की 437 एकड़ जमीन पर अब जियाडा एक नया औद्योगिक पार्क ...और पढ़ें

कुकड़ू में टाटा पावर की 436 एकड़ जमीन पर बनेगा औद्योगिक क्षेत्र, जियाडा ने शुरू की मापी। (तस्वीर: सांकेतिक)
HighLights
टाटा पावर की 437 एकड़ जमीन पर जियाडा विकसित करेगा औद्योगिक पार्क।
संयुक्त समिति 15 दिनों में औद्योगिक व्यावहारिकता रिपोर्ट देगी।
यह पहल आदित्यपुर को राहत देगी, कुकड़ू में रोजगार सृजित होंगे।
संवाद सूत्र, आदित्यपुर/जमशेदपुर। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू क्षेत्र में टाटा पावर का प्रस्तावित प्रोजेक्ट धरातल पर नहीं उतर पाने के बाद, अब इस बड़ी जमीन को एक नए औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
टाटा पावर कंपनी लिमिटेड ने खुद आगे बढ़कर सरकार को अपनी 436.93 एकड़ रैयती जमीन को औद्योगिक उपयोग के लिए सौंपने का प्रस्ताव दिया है। इस महत्वपूर्ण कदम के बाद, झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (जियाडा) ने हरकत में आते हुए जमीन के भौतिक सत्यापन और पैमाइश (मापी) का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।
संयुक्त समिति का गठन, 15 दिनों में देनी होगी रिपोर्ट
जियाडा के प्रबंध निदेशक को मिले आधिकारिक पत्र के आलोक में एक विशेष संयुक्त समिति का गठन किया गया है। इस समिति में जियाडा के आदित्यपुर और रांची कार्यालय के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ तथा टाटा पावर के अधिकृत प्रतिनिधि शामिल हैं।
इस समिति को अगले 15 दिनों के भीतर इंडस्ट्रियल फिजिबिलिटी रिपोर्ट (औद्योगिक व्यावहारिकता रिपोर्ट) तैयार करने का सख्त निर्देश दिया गया है। जांच के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर फोकस किया जा रहा है-
- जमीन का मालिकाना हक और वैधानिक स्थिति
- क्षेत्र की कनेक्टिविटी (सड़क व परिवहन व्यवस्था)
- उद्योगों के संचालन के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) की उपलब्धता
जियाडा का लक्ष्य है कि हर हाल में नवंबर माह तक अंतिम रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी जाए। इसके बाद सरकारी स्तर पर अंतिम मुहर लगते ही इस क्षेत्र में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
क्यों पड़ी इस नए इंडस्ट्रियल पार्क की जरूरत?
वर्तमान समय में झारखंड के प्रमुख औद्योगिक हब आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में जगह का घोर अभाव हो गया है, जिसके कारण नए उद्योगों की स्थापना और औद्योगिक विकास की गति पर ब्रेक लग रहा था।
इसे देखते हुए टाटा पावर ने जियाडा से आग्रह किया है कि इस करीब 437 एकड़ भूखंड पर एक नए औद्योगिक पार्क (Industrial Park) की स्थापना की जाए। इस पहल से न केवल आदित्यपुर पर दबाव कम होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे और कुकड़ू क्षेत्र का आर्थिक कायाकल्प हो सकेगा।
मानगो को स्ट्रीट लाइट और सोनारी में बनेंगे तोरण द्वार
जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में जनसुविधाओं और सांस्कृतिक धरोहरों को संवारते हुए विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को 26.49 लाख रुपये की दो प्रमुख योजनाओं की नींव रखी। विधायक मद के 11.89 लाख रुपये से मानगो के वार्ड 9 (बालीगुमा) और वार्ड 6 (डिमना बस्ती) में 150 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने की शुरुआत हुई।
यह सुविधा उन खंभों पर दी जा रही है जो वर्षों से बिना लाइट के अंधेरे में थे। जिन मोहल्लों में पोल नहीं हैं, वहां सौर ऊर्जा लाइटें लगाई जाएंगी। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोनारी स्थित दोमुहानी संगम पर चैतन्य महाप्रभु स्मारक के भव्य तोरण द्वार का शिलान्यास किया गया। इसके निर्माण पर विधायक निधि से 14.60 लाख रुपये खर्च होंगे।
