Move to Jagran APP

दामन में इतिहास सहेजे हैं जमशेदपुर के क्लब, आप भी जानिए

जमशेदपुर के क्लब अपने दामन में इतिहास समेटे हैं। आइए आपको बताते हैं यहां के प्रमुख क्लबों की कहानियां और इसकी खासियत।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Wed, 14 Aug 2019 10:58 AM (IST)Updated: Wed, 14 Aug 2019 02:57 PM (IST)
दामन में इतिहास सहेजे हैं जमशेदपुर के क्लब, आप भी जानिए
दामन में इतिहास सहेजे हैं जमशेदपुर के क्लब, आप भी जानिए

जमशेदपुर, निर्मल प्रसाद। जमशेदपुर की पहचान टाटा स्टील कंपनी से है। कायदे से कंपनी ने इस शहर को बसाया है। यहां टाटा स्टील से जुड़ी कई अन्य कंपनियां भी हैं। ये कंपनियां अपने कर्मचारियों और अधिकारियों का भरपूर ख्याल रखती हैं। कॉरपोरेट कल्चर मुहैया कराने के लिए कंपनियों ने शहर में कई क्लब बनाए हैं। यहां हर तरह की सेवाएं उपलब्ध हैं। मसलन- मनोरंजन, रेस्टोरेंट, खेलकूद और स्वीमिंग आदि आदि। आपको रूबरू कराते हैं ऐसे ही कुछ क्लब से।

loksabha election banner

सदस्य बनने के लिए जरूरी नहीं कंपनी कर्मचारी होना

जी टाउन क्लब, बिष्टुपुर

स्थापना : वर्ष 1989

सदस्य संख्या : 2000

इतिहास : शहर के बीचो बीच बिष्टुपुर में जी टाउन क्लब स्थित है। जहां शहर के अधिकतर क्लब कंपनी के वरीय अधिकारियों के लिए हैं, वहीं जी टाउन शहर का पहला ऐसा क्लब है जहां कर्मचारी और गैर कंपनी कर्मचारी भी सदस्य हैं। इस क्लब का मासिक शुल्क भी काफी कम है।

सुविधाएं : इस क्लब में स्वीमिंग पुल, बिल्यिडर्स, कार्ड रूम, लाइब्रेरी, बार और रेस्टोरेंट की सुविधा है। इस क्लब में हर साल न्यू ईयर पार्टी, क्रिसमस सेलिब्रेशन सहित कई तरह से कार्यक्रम होते रहते हैं। वहीं, क्लब में एक बैंकवेट हॉल भी है जहां सदस्य अपने परिवार के साथ किसी भी तरह की पार्टी का आयोजन कर सकते हैं।

 अंग्रेज अधिकारियों की सोच के अनुरूप बनाया गया क्लब 

द यूनाइटेड क्लब, बिष्टुपुर

स्थापना : वर्ष 1911

सदस्य संख्या : 3500

इतिहास : इस क्लब को टाटा स्टील में काम करने आए अंग्रेज अधिकारियों की सोच के अनुरूप तैयार किया गया था। इस क्लब की स्थापना का उद्देश्य ड्यूटी खत्म होने के बाद अधिकारियों को दोस्ताना माहौल देना था। साथ ही कई अधिकारी ऐसे थे जो दूसरे देश या राज्यों से आए थे। वे काम के कारण एक-दूसरे से मिल नहीं पाते थे। इस क्लब के माध्यम से उन्हें सप्ताह में कम से कम एक दिन मिलने का मौका मिलता था। इस क्लब की बनावट, इसका चटक लाल रंग उस जमाने की याद दिलाती है।

सुविधाएं : यह शहर का सबसे बड़ा क्लब है। इसमें टाटा स्टील सहित उसकी अनुषंगी इकाइयों के वरीय अधिकारी या मालिक ही सदस्य हैं। क्लब में स्वीमिंग पुल, लॉन टेनिस, कार्ड रूम, लाइब्रेरी, बॉलिंग, बैडमिंटन, जिम, बिल्यिडर्स के अलावा बार और रेस्टोरेंट की व्यवस्था है। इसके अलावा क्लब प्रबंधन की ओर से सदस्यों के मनोरंजन के लिए कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूड फेस्टिवल, सावन महोत्सव, फिल्मों की स्क्रीनिंग तक होती है।

रतन टाटा व महेंद्र सिंह धोनी समेत आ चुके हैं कई दिग्गज

टेल्को क्लब, टेल्को

स्थापना : वर्ष 1958

सदस्य संख्या : 1000

इतिहास : टाटा मोटर्स (पूर्व में टेल्को इंजीनियरिंग लोकोमोटिव) के प्रबंध निदेशक सुमंत मूलगांवकर ने इस क्लब की स्थापना की थी। क्लब के पहले अध्यक्ष बने आरजी डिकोस्टा व सचिव बने थे एएस सय्यबजी। अधिकारियों को सांस्कृतिक रूप से जोडऩे के लिए क्लब की स्थापना की गई थी। इसमें टाटा समूह के अंतरिम चेयरमैन रतन टाटा, पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री, इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह सहित कई बड़ी हस्तियां आ चुकी हैं। इस क्लब में प्रतिवर्ष टाटा मोटर्स के ग्रेजुएट ट्रेनी व्हील्स का आयोजन करते हैं। तीन से पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कई अंतराष्ट्रीय कलाकार और शास्त्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।

सुविधाएं : यहां इंडोर बैडमिंटन कोट है, जहां अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा भी खेल चुकी हैं। इसके अलावा यहां स्वीमिंग पुल, स्नूकर, बिल्यडर्स, बार एंड रेस्टोरेंट की सुविधा है। वहीं यहां पर क्लब के सदस्यों के लिए हर इवेंट में कई तरह के आयोजन जैसे न्यू ईयर पार्टी, क्रिसमस सेलिब्रेशन भी होता है। बीच-बीच में कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा हॉलीवुड व बॉलीवुड की फिल्में भी दिखाई जाती हैं। यहां सावन मेला, दीपावली नाइट, डांडिया नाइट का भी आयोजन होता है। इस क्लब में लॉन साइड रेस्टोरेंट की भी सुविधा है। इसमें सदस्यों को ओपेन एरिया में बारबेक्यू की सुविधा दी जाती है।

क्षेत्रफल के हिसाब से यह शहर का सबसे बड़ा क्लब

ट्यूब मेकर्स क्लब, नीलडीह

स्थापना : वर्ष 1979

सदस्य संख्या : 650

इतिहास : ट्यूब मेकर्स क्लब की स्थापना टाटा स्टील, ट्यूब डिवीजन के अधिकारियों ने की थी। टाटा स्टील के सभी क्लब शहर के बीचो-बीच स्थित हैं, इसलिए दूसरी छोर पर रहने वालों के लिए इस क्लब की स्थापना की गई, ताकि उन्हें मनोरंजन के लिए दूर नहीं जाना पड़े। क्षेत्रफल के हिसाब से यह शहर का सबसे बड़ा क्लब है। इसमें फ्लड लाइट क्रिकेट और फुटबॉल प्रतियोगिताएं भी होती हैं। क्लब में क्रिकनीज नाम से मार्च में एक प्रतियोगिता होती है। इसमें हर परिवार से एक पुरूष उसकी पत्नी व बच्चे खेलते हैं। इस प्रतियोगिता में टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन सहित भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव, पूर्व विकेट कीपर सबा करीम तक भाग ले चुके हैं।

सुविधाएं : इस क्ल्ब में स्वीमिंग पुल, लाइब्रेरी, जिम, बिल्यडर्स, लॉन टेनिस, चेस, बैडमिंटन के अलावा बार व रेस्टोरेंट की भी सुविधा है। क्लब द्वारा प्रतिमाह एक सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित होती है। इस क्लब की खासियत है कि यहां सबसे ज्यादा कॉरपोरेट मीटिंग होती है। इस अलावा यहां फैमिली लाउंज, गेस्ट हाउस सहित फैमिली सैलून की भी सुविधा है।

इस क्लब में दिखती है टाटा स्टील और शहर की झलक

बेल्डीह क्लब

स्थापना : वर्ष 1920

सदस्य संख्या : 3000

इतिहास : बेल्डीह क्लब शहर के सबसे पुराने क्लबों में से एक है। 4.85 एकड़ में फैले इस क्लब में शहर और टाटा स्टील के इतिहास की झलक देखने को मिलती है। टाटा स्टील के अधिकारी ही इस क्लब के संरक्षक होते हैं। एनबी सकतवाला, सर आदेसर दलाल, सर जहांगीर गांधी और जेआरडी टाटा इसके सदस्य रह चुके हैं। वर्तमान में रतन टाटा इस क्लब के अध्यक्ष हैं। इस क्लब में जर्मन, अमेरिकन, ब्रिटिश अधिकारी भी सदस्य रह चुके हैं। वर्तमान में टाटा स्टील के सभी वरीय अधिकारी जैसे एमडी, वाइस प्रेसिडेंट, चीफ सहित अनुषंगी इकाइयों के मालिक भी इसके सदस्य हैं।

सुविधाएं : शहर का यह पहला क्लब है जहां गोल्फ खेलने की सुविधा सदस्यों को मिलती है। इसके अलावा यहां बिल्यिडर्स व स्नूकर, स्कैवश कोर्ट, कार्ड रूम, गोल्फ कोर्स, लाइब्रेरी, बार एंड रेस्टोरेंट, गेस्ट रूम, टेनिस कोर्ट की सुविधा है। यहां बच्चों के लिए विशेष तौर पर स्वीमिंग प्रतियोगिता आयोजित होती है। सदस्यों को फिल्में दिखाई जाती हैं। यहां सैलून और कैफे की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

टाटा मोटर्स के प्लांट हेड होते हैं क्लब के चेयरमैन

टेल्को रिक्रिएशन क्लब

 1958 में टेल्को रिक्रिएशन क्लब की शहर के टेल्को क्षेत्र में हुई थी स्थापना

900 सदस्य जुड़े हैं इस क्लब से, बाई-सिक्स कर्मी भी सदस्यता के पात्र

इतिहास : टाटा स्टील के सभी ग्रेड में कार्यरत कर्मचारी हों या बाई-सिक्स, इस क्लब की सदस्यता पाने की पात्रता रखते हैं। इस क्लब के चेयरमैन टाटा मोटर्स के प्लांट हेड होते हैं। क्लब का पूरा फोकस सामाजिक कार्यों के अलावा खेलकूद को बढ़ावा देने पर होता है। क्लब में बच्चों के लिए डांस, ड्राइंग, ताइक्वांडो व कराटे के लिए प्रशिक्षण क्लास व प्रतियोगिताएं होती हैं। वहीं, क्लब अपने सामाजिक सरोकार के तहत कई तरह का कैम्प भी आयोजित करता है।

सुविधाएं : इस क्लब में लॉन टेनिस, बैडमिंटन, बिल्यिडर्स, स्नूकर, पूल टेबल की सुविधा है। इसके अलावा यहां सदस्यों के लिए पार्लर, कैफे, जिम, हेल्थ क्लब और रेस्टोरेंट की भी सुविधा है। 

 विदेश से आए अधिकारियों ने की थी इस क्लब की स्थापना

गोलमुरी क्लब

1926 में गोलमुरी क्लब की हुई थी स्थापना

1000 सदस्य जुड़े हैं क्लब से, यहां 18 होल वाला है गोल्फ कोर्स

 

इतिहास : लौहनगरी में जब टिनप्लेट कंपनी की स्थापना हो रही थी तब यहां कई विदेशी अधिकारी इंजीनियङ्क्षरग वर्क के लिए आए। उन्होंने ही अपने मनोरंजन के लिए इस क्लब की स्थापना की थी। वर्तमान में इस क्लब के चेयरमैन टिनप्लेट क्लब के प्रबंध निदेशक आरएन मूर्ति हैं। इस क्लब में टाटा समूह के अंतरिम चेयरमैन रतन टाटा, चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा सहित कई हस्तियां आ चुकी हैं। यह शहर के सबसे पुराने क्लबों में से एक है। इस क्लब में शहर का सबसे बड़ा 18 होल वाला गोल्फ कोर्स है। यह क्लब टाटा ओपन, जुबली गोल्फ, स्टील सिटी गोल्फ, ट्रॉली क्लब वर्सेस जमशेदपुर जैसे कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गोल्फ प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर चुका है। 

सुविधाएं : इस क्लब में स्वीमिंग पूल, बिल्यिडर्स, लॉन टेनिस, लाइब्रेरी, जिम, बार एंड रेस्टोरेंट की सुविधा है। यहां पर मेहमानों के ठहरने के लिए स्टार होटल रेटिंग के रूम मौजूद हैं। आकर्षक लॉन और आउटडोर रेस्टोरेंट इसकी खूबसूरती को चार चांद लगाते हैं।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.