खड़गपुर में दर्दनाक हादसा: मिनी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए लाइट लगा रहे युवक की करंट लगने से मौत
पश्चिम मेदिनीपुर के तमलुक में मिनी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए लाइट लगाते समय 24 वर्षीय युवक संजीत माइति की करंट ...और पढ़ें

रात करीब दो बजे वह लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर मैदान में लाइट लगाने के दौरान एक युवक अचानक करंट की चपेट में आ गया।
HighLights
मिनी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए लाइट लगा रहा था युवक।
जनरेटर से बिजली आपूर्ति लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
संवाद सूत्र, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के तमलुक थाना क्षेत्र के बहिचाड़ा गांव में मिनी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए मैदान में लाइट लगाने के दौरान करंट लगने से 24 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई।
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान संजीत माइति (24 वर्ष) के रूप में हुई है।
जो तमलुक थाना क्षेत्र के कुरपाई इलाके का निवासी था। जानकारी के अनुसार, संजीत कुछ समय पहले फूलों का काम करने के सिलसिले में दूसरे राज्य गया हुआ था और कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटा था।
घर लौटने के बाद वह वर्तमान में एक स्थानीय व्यवसायी के कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था। बीती रात संजीत बहिचाड़ा गांव के एक मैदान में आयोजित होने वाली मिनी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए रोशनी की व्यवस्था करने में जुटा हुआ था।
बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे वह लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर मैदान में लाइट लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान, जनरेटर से बिजली आपूर्ति करने वाली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण वह अचानक करंट की चपेट में आ गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल संजीत को तत्काल तमलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासी नीलांजन पात्र ने बताया कि जनरेटर से बिजली आपूर्ति करने वाली लाइन में किसी तरह शॉर्ट सर्किट हो गया था, जिसकी जानकारी काम के दौरान नहीं मिल पाई।
अनजाने में लोहे की सीढ़ी बिजली के संपर्क में आ गई, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
