कीताडीह गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान को दी जान से मारने की धमकी, एसपी से की शिकायत
पूर्व प्रधान अर्जुन सिंह वालिया को आदित्यपुर स्थित उनकी जमीन पर कब्जा करने की नियत से जान मारने की धमकी देते हुए उनके मकान पर स्थानीय कुछ लोगों ने ताला लगा दिया है।
जमशेदपुर (जासं)। कीताडीह गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान अर्जुन सिंह वालिया को आदित्यपुर स्थित उनकी जमीन पर कब्जा करने की नियत से जान मारने की धमकी देते हुए उनके मकान पर स्थानीय कुछ लोगों ने ताला लगा दिया है। इस काम में सरायकेला जिला के एक सरकारी पदाधिकारी भी दबंगइयों के साथ मिले हुए है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिख समाज ने सरायकेला-खरसावां के एसपी व उपायुक्त को शनिवार को ज्ञापन सौंप कर सारी बात बताई और मकान में ताला लगाने वाले स्थानीय लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
इतना ही नहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी मामले की जानकारी दी गई। अर्जुन सिंह वालिया ने बताया कि उन्होंने सितंबर 2018 में आदित्यपुर वार्ड नंबर 5 में रातू लोहार के बेटे सुशील लोहार एवं सुजीत लोहार से 225 वर्ग फीट का प्लॉट वार्ड नंबर 5 में खरीदा था।
उक्त प्लॉट पर उन्होंने दो कमरे बनाए और चाहरदीवारी की। दो दिन पहले 16 जुलाई को सरकारी पदाधिकारी व उनके मकान में कब्जे करने वाले स्थानीय लोगों ने अर्जुन सिंह वालिया को जमीन छोडऩे को कहा। नहीं मानने पर जान मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं मकान में लगे अर्जुन सिंह वालिया का ताला तोड़कर स्थानीय लोगों ने अपना खुद का ताला उक्त मकान में लगा दिया। एसपी व उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधि मंडल में कुलविंदर सिंह पन्नू, गुरचरण सिंह बिल्ला, त्रिलोचन सिंह, शमशेर सिंह, सुरजीत सिंह, कुलदीप सिंह, धर्म सिंह वालिया, अर्जुन सिंह वालिया सहित अन्य समाज के लोग उपस्थित थे।