विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी सिंहभूम में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी-पत्थर से हत्या, शव को 20 फीट दूर झाड़ी में छिपाने की कोशिश

Published: Sat, 22 Aug 2026 07:07 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम के हाटगम्हरिया स्थित पाऊपी गांव में अधेड़ की हत्या कर दी गई, अपराधियों ने शव को 20 फीट ...और पढ़ें

घटना की रात दोनों पति-पत्नी अलग-अलग कमरे में सोने चले गए थे और सुबह पति के कमरे में गईं तो वहां खून देखा।

घटना की रात दोनों पति-पत्नी अलग-अलग कमरे में सोने चले गए थे और सुबह पति के कमरे में गईं तो वहां खून देखा।

HighLights

  1. हाटगम्हरिया के पाऊपी गांव में कागेन तांती की हत्या।

  2. पुलिस जमीन विवाद और आपसी रंजिश पर कर रही जांच।

संसू, हाटगम्हरिया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पाऊपी गांव में शुक्रवार की रात 60 वर्षीय कागेन तांती की अपराधियों ने हत्या कर दी। 
 
इस घटना के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच खौफ के साथ गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शांत रहने वाले इस गांव में हत्या की ऐसी घटना पहली बार हुई है।
 

20 फीट तक घसीटा गया शव, मिले खून के धब्बे

घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।
 
घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने कागेन तांती के सिर पर कुल्हाड़ी या किसी भारी पत्थर से वार किया है। 
 
सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से माना जा रहा है कि उनकी मौत मौके पर ही हो गई थी। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर शव को करीब 20 फीट तक घसीटकर झाड़ियों की ओर ले जाने के निशान भी मिले हैं। 
 
पूरी दूरी तक खून के धब्बे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को अंदेशा है कि हत्यारे वारदात के बाद शव को छिपाने या ठिकाने लगाने का प्रयास कर रहे थे।
 

कमरे में मिला खून, पत्नी को नहीं लगी भनक

मृतक की पत्नी सुबदनी देवी ने बताया कि शुक्रवार रात दोनों पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में सोने चले गए थे। रात में उन्हें किसी भी तरह की आहट या संदिग्ध गतिविधि की भनक नहीं लगी। 
 
सुबह जब वह अपने पति के कमरे में गईं, तो वहां फर्श पर खून बिखरा पड़ा था। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि शव को घसीटकर झाड़ियों की तरफ ले जाया गया है। 
 
सुबदनी देवी के अनुसार, उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतक की चार पुत्रियां हैं और उनका कोई पुत्र नहीं है। घटना के बाद से पाऊपी गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। 
 
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इस हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा करने और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। हाटगम्हरिया थाना पुलिस जमीन विवाद, आपसी रंजिश समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।