Tata moters के अस्थायी कर्मियों को मिला JVm का साथ, गेट मीटिंग Jamshedpur News
टाटा मोटर्स के बाइ सिक्स कर्मियों को झारखंड विकास मोर्चा का साथ मिल गया है। मोर्चा ने गेट मीटिंग कर कर्मियों के हितों की हिमायत की है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। झारखंड विकास मोर्चा (JVM) टाटा मोटर्स (tata motors) के बाइसिक्स यानी अस्थायी कर्मचारियों के पक्ष में खड़ा हो गया है। मोर्चा गुरुवार को टाटा मोटर्स के मेन गेट के सामने सुबह 10 बजे से गेट मीटिंग करेगा। पार्टी के केंद्रीय महासचिव अभय सिंह ने बताया कि यह गेट मीटिंग टाटा मोटर्स के अधिकारियों की तानाशाही के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि मजदूरों के बीच में भय का वातावरण बना हुआ है। आए दिन किसी न किसी मजदूर को निलंबित कर दिया जाता है। अगर कर्मचारी की पहुंच नहीं होती है तो उसे बर्खास्त तक कर दिया जाता है। पिछले दिनों बाइसिक्स कर्मियों के साथ प्रबंधन ने भेदभाव नीति अपनाई। गलत तरीके से ट्रेनिंग करने के नाम पर अस्थाई कर्मियों से परमानेंट कार्य कराया जाता है, जो सरासर श्रम कानून का उल्लंघन है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मोर्चा लड़ेगा लंबी लड़ाई
इस गेट मीटिंग के बाद पार्टी मजदूरों के बीच में मजदूरों की समस्याओं के निदान हेतु कई आंदोलन चलाया जाएगा। मजदूरों की समस्याओं के लिए जब भी जरूरत पड़ेगी झाविमो सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगा।