पहले दिन मात्र सात यात्रियों ने किया बस से सफर
कोरोना संक्रमण के बीच मंगलवार को पांच माह बाद मुसाबनी की सड़कों पर यात्री बसों का परिचालन शुरू हुआ। मुसाबनी बस स्टैंड से मंगलवार को पांच यात्री बस टाटा के लिए रवाना हुआ। हालांकि यात्रियों की संख्या काफी कम थी। मात्र सात यात्री मुसाबनी से टाटा के लिए सफर किए..
संसू, मुसाबनी : कोरोना संक्रमण के बीच मंगलवार को पांच माह बाद मुसाबनी की सड़कों पर यात्री बसों का परिचालन शुरू हुआ। मुसाबनी बस स्टैंड से मंगलवार को पांच यात्री बस टाटा के लिए रवाना हुआ। हालांकि यात्रियों की संख्या काफी कम थी। मात्र सात यात्री मुसाबनी से टाटा के लिए सफर किए। इस क्रम में ओम शिव शंकर फर्म की पहली बस मुसाबनी से जमशेदपुर के लिए रवाना हुई। मुसाबनी से टाटा के लिए यात्रियों को 120 रुपये किराया देना पड़ा। इससे पूर्व बस संचालकों ने यात्रियों को सैनिटाइजर से सैनिटाइज कर बस में बैठने की व्यवस्था की। यात्रा कर रहे यात्रियों का नाम, पता व मोबाइल नंबर भी नोट किया गया। हालांकि यात्रियों की कम संख्या देख बस संचालकों का मनोबल टूट रहा है। बस संचालकों ने बताया कि दोगुना किराया होने के कारण अधिकांश यात्री बसों में यात्रा करने से परहेज कर रहे हैं। जिन यात्रियों को आवश्यक कार्यो से जाना जरुरी है, वैसे यात्री ही दोगुना किराया दंगे। सरकारी गाइडलाइन के अनुसार एक सीट पर सिर्फ एक यात्री को बैठाया जा रहा है। उस सीट पर बैठने वाले यात्री को दोनों सीट का किराया देना होगा।
बस भाड़ा अधिक, यात्रा सुरक्षित : यात्री कमल सिंह, दिनेश पातर व डेमका मुर्मू ने बताया कि बस में भाड़ा अधिक देना पड़ रहा है। परंतु अब पहले से सुरक्षित व आरामदेह यात्रा है। बस में यात्रियों की संख्या काफी कम है। बस में बैठने से से पूर्व सैनिटाइजर से हाथ साफ कराया जा रहा है। साथ ही मास्क लगाकर बस से यात्रा करने का निर्देश है।
बस यात्री का दर्ज हुआ नाम-पता : बस संचालक यात्रा कर रहे यात्रियों से संबंधित जानकारी यात्री पंजी में दर्ज कर रहे हैं। मंगलवार को यात्री पंजी में दिनांक, यात्री का नाम, पूरा पता, कहां से कहां यात्रा करना है व मोबाइल नंबर दर्ज किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मांग पर बस संचालकों को यात्री पंजी उपलब्ध कराना होगा।
पांच माह बाद शहर में खुले सैलून : मंगलवार को पांच माह बाद घाटशिला में सैलून खुले। कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सैलून संचालक राज्य सरकार के निर्देशों का पालन कर ग्राहकों को सेवा दे रहे हैं। सैलून में नाई अपने मुंह पर मास्क लगाकर बाल व दाढ़ी आदि बना रहे हैं। इसके अलावा सैलून में ग्राहकों के बीच शारीरिक दूरी का भी पालन कराया जा रहा है।
छह माह बाद पूर्ण रूप से खुला बाजार : मंगलवार को लगभग छह माह बाद मुसाबनी का मुख्य बाजार पूरी तरह खुला। कपड़ा, जूता-चप्पल, कॉस्मेटिक समेत सभी दुकानें खुलीं। मुसाबनी बाजार समिति के अध्यक्ष सरदार राजू सिंह समेत सभी दुकानदारों ने प्रशासन व राज्य सरकार को धन्यवाद दिया। बीडीओ सह सीओ सीमा कुमारी ने कहा कि कोविड-19 की शर्तो के साथ सभी कारोबार खोलने का निर्देश दिया गया है। सभी कारोबारी राज्य सरकार के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। भीड़ न लगाएं। सैनिटाइजर का प्रयोग करें। हाथ की सफाई बार-बार करें। मास्क का प्रयोग करें।