विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JPSC-JSSC धांधली का विरोध: पूर्व विधायक बेसरा ने उठाई सुप्रियो भट्टाचार्य और पंकज के इस्तीफे की मांग

Published: Wed, 12 Aug 2026 11:23 PM (IST)

पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर आंदोलनरत छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने ...और पढ़ें

सूर्य सिंह बेसरा, पूर्व विधायक सह आजसू संस्‍थापक।

सूर्य सिंह बेसरा, पूर्व विधायक सह आजसू संस्‍थापक।

HighLights

  1. पूर्व विधायक बेसरा ने छात्र आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया।

  2. हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन में पूर्व विधायक व आजसू के संस्थापक सूर्य सिंह बेसरा उतर आए हैं। 
 
उन्होंने छात्र आंदोलन का नैतिक समर्थन करते हुए राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला और पीड़ित अभ्यर्थियों को मुआवजा देने की मांग उठाई। 
 
इसके साथ ही उन्होंने झामुमो (JMM) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य और केंद्रीय समिति सदस्य पंकज मिश्रा के इस्तीफे की मांग की है।
 

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप

बेसरा ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। 
 
उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रियो भट्टाचार्य की पत्नी डॉ. अजीता भट्टाचार्य को नियमों की अनदेखी कर जेपीएससी का सदस्य बनाया गया था, जिन्हें बाद में सीआईडी (CID) जांच के कारण इस्तीफा देना पड़ा। 
 
बेसरा ने कहा कि इस मामले में राजनीतिक व नैतिक जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। पूर्व विधायक ने अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में आरोपी पंकज मिश्रा के पार्टी पद पर बने रहने पर भी तीखे सवाल उठाए। 
 
उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर आरोपों से घिरे नेताओं का पद पर बने रहना झामुमो की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करता है। इसलिए सुप्रियो भट्टाचार्य और पंकज मिश्रा को तुरंत अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।