कोल्हान की एक ही लोस सीट पर चुनाव लड़ेगा झामुमो : शिबू सोरेन
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कोल्हान की जमशेदपुर संसदीय सीट और सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में से किसी एक ही सीट पर ही लोकसभा चुनाव लड़ेगा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कोल्हान की जमशेदपुर संसदीय सीट और सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में से किसी एक ही सीट पर ही लोकसभा चुनाव लड़ेगा। यह अभी तय नहीं कि इन दो सीटों में से पार्टी किसी सीट से चुनावी मैदान में उतरेगी। यह बातें झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने कही। वे जमशेदपुर के पूर्व सांसद सुनील महतो के शहादत दिवस समारोह में शामिल होने शहर आए थे।
यहां उन्होंने कहा कि अभी महागठबंधन पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। एक-दो दिनों में फैसला होने की उम्मीद है। परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिबू सोरेन ने कहा कि महागठबंधन पर अंतिम फैसला एक-दो दिन में होने के बाद झामुमो पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरेगा।
भाजपा सेना की कार्रवाई का राजनीतिक लाभ उठाना चाह रही
शिबू सोरेन ने पाकिस्तान पर हुए एयर स्ट्राइक की बात पर कहा कि भाजपा सरकार देश की सेना द्वारा की गई कार्रवाई का राजनीतिक लाभ उठाना चाह रही है, जो एक प्रकार से सेना का अपमान है। उन्होंने कहा कि हम सेना के साथ हैं। विवाद का स्थायी हल निकाला जाना चाहिए।
सुनील महतो हत्याकांड की एनआइए जांच शुरू न होने पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर के पूर्व सांसद सुनील महतो की हत्या की जांच एनआइए से कराए जाने की सरकार की घोषणा के बाद भी जांच शुरु नहीं होने पर सवाल उठाया। कहा कि यह वो सरकार है, जो कहती कुछ है और करती कुछ है। रघुवर सरकार का काम लोगों को बेवकूफ बनाना और आपस में लड़ाना रह गया है।
रघुवर सरकार भी जुमलेबाज सरकार बन गई : चंपई
सरायकेला के विधायक चंपई सोरेन ने कहा कि झारखंड और देश में जुमलेबाज की सरकार है। केंद्र सरकार देश में व्याप्त बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, गरीबी जैसी जनसमस्याओं और उनके प्रमुख एजेंडा राम मंदिर निर्माण से ध्यान भटकाने के लिए ही कश्मीर मामले को अधिक तूल दे रही है।
सेना की कार्रवाई पर राजनीति नहीं होनी चाहिए : कुणाल
झामुमो के बहरागोड़ा के विधायक सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि पाकिस्तान पर हुए एयर स्ट्राइक के मामले पर झामुमो सेना के साथ है। सेना को अपना काम बिना किसी राजनीतिक फायदे के करने देना चाहिए। सेना की कार्रवाई से राजनीतिक लाभ लेना गलत परंपरा होगी। इस अवसर पर सर्किट हाउस में पार्टी के जिलाध्यक्ष रामदास सोरेन, आस्तिक महतो, मोहन कर्मकार, प्रमोद लाल, महावीर मुर्मू आदि समेत कई नेता मौजूद थे।