मंहगाई के विरोध में झामुमो करेगा आंदोलन
पेट्रोलियम पदार्थो में हुई मूल्य वृद्धि और बढ़ती मंहगाई के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर ली है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पेट्रोलियम पदार्थो में हुई मूल्य वृद्धि और बढ़ती मंहगाई के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से आगामी 24 सितंबर को जिला के सभी प्रखंड, नगरपालिका व जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 27 सितंबर को शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल से घाटशिला के राजस्टेट मैदान तक झारखंड संघर्ष यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे। कार्यक्रमों को लेकर शनिवार को तीन बजे झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक रामदास सोरेन की अध्यक्षता में निर्मल गेस्ट हाउस में जिला समिति की बैठक आयोजित की जानी है। इसकी जानकारी देते हुए झामुमो के मीडिया प्रभारी बाबू मानसिंह बेसरा ने बताया कि कार्यक्रमों की तैयारी की समीक्षा की जाएगी। बैठक में 24 सितंबर को भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार के जन विरोधी नीति और सरकार के कार्यकाल में बढ़ी मंहगाई के विरोध में पूर्वी सिंहभूम जिला के सभी प्रखंड मुख्यालय, नगर पालिका और जिला मुख्यालय में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही 27 सितंबर को झामुमो के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड संघर्ष यात्रा कार्यक्रम को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में तैयारियों का जायजा लेने पार्टी के केंद्रीय महामंत्री विनोद पांडेय भी शामिल होंगे। बैठक में विधायक कुणाल षाड़ंगी, विधायक चंपई सोरेन, पूर्व सांसद सुमन महतो, सविता महतो, मोहन कर्मकार, शेख बदरूद्दीन, प्रमोद लाल आदि समेत कई केंद्रीय पदाधिकारी व जिला समिति के पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।