झालदा-बलरामपुर मार्ग पर पुलिस की नाकेबंदी: 460 किलो अफीम डोडा के साथ बीरभूम के दो तस्कर धराए
बाघमुंडी पुलिस ने झालदा-बलरामपुर मार्ग पर नाकेबंदी कर 459 किलोग्राम अफीम डोडा पाउडर बरामद किया। इस कार्रवाई में दो तस्करों ...और पढ़ें

पुलिस ने दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
HighLights
झालदा-बलरामपुर मार्ग पर दो तस्कर रंगे हाथों पकड़े गए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, नीमडीह। बाघमुंडी थाना पुलिस ने बुधवार की देर रात 459 किलोग्राम प्रतिबंधित अफीम की पुआल (डोडा पाउडर) बरामद की है।
पुलिस ने इस सिलसिले में दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए नशीले पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
रात के अंधेरे में विशेष तलाशी अभियान
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 19 अगस्त की रात खुफिया सूचना मिली थी कि झालदा-बलरामपुर मार्ग से नशीले पदार्थों की बड़ी खेप गुजरने वाली है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात करीब 12:55 बजे नाकेबंदी कर एक संदिग्ध काली स्कॉर्पियो (WB 48 F-7197) को रोककर तलाशी ली।
वाहन की जांच करने पर उसमें से 15 नायलॉन बैग मिले, जिनमें कुल 459.14 किलोग्राम अफीम डोडा पाउडर भरा हुआ था।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब्ती, दो गिरफ्तार
मौके से पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के निवासी हसन अली उर्फ लालन और शेख कुर्बान को गिरफ्तार कर लिया।
यह पूरी कार्रवाई कार्यपालक दंडाधिकारी, बीडीओ, झालदा के एसडीपीओ तथा बाघमुंडी थाना प्रभारी की मौजूदगी में नियमानुसार संपन्न की गई। इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज
मामले में बाघमुंडी थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 15(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था।
अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क और अन्य बड़े तस्करों का जल्द ही खुलासा होगा।
