Jharkhand Naxal News : 1 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा दस्ते के तीन सदस्यों को पुलिस ने पकड़ा
Chaibasa News आनंदपुरा अंतर्गत बेड़ाकेंदुदा स्कूल के पास औचक चेकिंग में सीअरपीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने तीनों नक्सली को पकड़ा।तीनों ने खुद को गुमला जिला का रहने वाला बताया। जो प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के लिए काम करते हैं।
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला(चाईबासा) पुलिस को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुमला जिले के तीन भाकपा माओवादी संगठन के हार्डकोर नक्सली मिसिर बेसरा और सौरभ दा के दस्ते के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि हम लोगों को गुप्त आसूचना प्राप्त हुई थी कि प्रतिबंधित भाकपा माओवादी के कुछ सदस्य सारंडा क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं। उक्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक करवाई के लिए तत्काल सीआरपीएफ 94 एवं 174 बटालियन और जिला पुलिस बल की एक संयुक्त टीम का गठित किया गया।
मोटासाइकिल पर थी तीनों नक्सली, बेड़ाकेंदुदा स्कूल के पास औचक चेकिंग में पुलिस ने पकड़ा
उक्त टीम द्वारा आनंदपुरा अंतर्गत बेड़ाकेंदुदा स्कूल के पास औचक चेकिंग शुरू की गयी। इसी बीच एक मोटर साइकिल पर तीन व्यक्ति आते देखे गए, जिन्हें रोक कर चेक किया गया तो उनके पास से प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन का पोस्टर, किताब और एक संगठन को संबोधित पत्र पाया गया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम समरु खडिया, साखु प्रधान औ सुखराम मुंडा बताया।
तीनों नक्सली गुमला के रहने वाले है, पुलिस कर रही पूछताछ
तीनों ने खुद को गुमला जिला का रहने वाला बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उपरोक्त तीनों ने प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के लिए काम करने की बात कही। कहा कि संगठन के हार्डकोर इनामी नक्सली मिसिर बेसरा, सौरभ के लिए वो काम करते हैं। इस संदर्भ में सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत आनंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों को रविवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम:
1. समरु खडिया निवासी चरका गोढी, थाना पालकोट
2. साखु प्रधान निवासी कंदराटोली, थाना पालकोट
3. सुखराम मुंडा निवासी बटकुरी, थाना करंज।
जब्त सामानों का विवरण:-
1. प्लसर मोटरसाईकिल - 01
2. नक्सली पोस्टर तथा साहित्य
3. की-पैड मोबाईल- 02
4. पेन कार्ड- 02
5. डेबिट कार्ड- 02
6. इंडिया पेमेंट बैंक कार्ड - 02
7. 1390 रुपये नगद