Trade Union Politics : संजीवा रेड्डी की पहल से टला झारखंड इंटक अध्यक्ष पद का विवाद
Trade Union Politics. झारखंड प्रदेश इंटक में अध्यक्ष पद को लेकर उत्पन्न विवाद का निपटारा इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी की पहल के बाद हो गया।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड प्रदेश इंटक में अध्यक्ष पद को लेकर उत्पन्न विवाद का निपटारा इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी की पहल के बाद हो गया। पहले संजीवा रेड्डी ने अध्यक्ष का विवाद कर रहे अनूप सिंह को समझाया। फिर प्रदेश की सभी यूनियनों को पत्र लिखकर नये अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय को मदद करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही सभी यूनियनों को बकाया राशि इंटक कोष में जमा करने की बात कही है। इससे अध्यक्ष पद का विवाद टलेगा ही, साथ ही अंतरिम कमेटी का आगे चुनाव कराने का मार्ग भी प्रशस्त हो गया।
मालूम हो कि अंतरिम (एडहाक) कमेटी बनाए जाने के बाद ही अनूप सिंह ने राकेश्वर पांडेय को अध्यक्ष मानने से इंकार करते हुए सभी यूनियन से समर्थन के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया था। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर अपनी बात रखी। लेकिन डॉ रेड्डी ने एडहाक कमेटी को संगठन के संविधान के अनुरुप बताते हुए उनके विरोध को अस्वीकार कर दिया। साथ ही संगठन का चुनाव जल्द कराने का आश्वासन दिया था। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा -निर्देश के आलोक में चुनाव पूर्व प्रक्रिया पूरा करने तथा स्थिति सामान्य होने के साथ ही संगठन का चुनाव करा लिया जाएगा।
टाटा पावर ने किया राकेश्वर पांडेय का अभिनंदन
उधर, टाटा पावर प्रबंधन व टाटा पावर इम्प्लाई यूनियन की ओर से यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय का इंटक का झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बनने पर अभिनंदन किया गया। कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में ऑनलाइन के माध्यम से भी लोग शामिल हुए। कार्यक्रम मे प्लांट हेड विजयंत रजन और यूनियन के उपाध्यक्ष पिंटु श्रीवास्तव व महामंत्री नरेश चौधरी ने अपने विचार रखे। प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड विजयंत रंजन के साथ आयन दास, राजा विश्वास, सुरेश श्रीवास्तव, राजीव रंजन और यूनियन की तरफ से दीनानाथ, देवशंकर, पंकज, मुकेश, सुरेश, संजीव, ओमप्रकाश, राजीव अन्य उपस्थित थे। मंच संचालन दीपू मिंज एवं धन्यवाद ज्ञापन एच आर हेड बानिक ने किया।