पूर्वी सिंहभूम में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बैरिकेड से भिड़ी, चालक की गई जान
पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार अनियंत्रित मोटरसाइकिल बैरिकेड से टकरा गई। इस भीषण ...और पढ़ें

HighLights
पूर्वी सिंहभूम में अनियंत्रित बाइक बैरिकेड से टकराई।
हादसे में बाइक चालक तारणी करमाकर की मौत।
एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
जासं, जमशेदपुर। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में शनिवार शाम सड़क हादसा हो गया। यहां एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल सड़क किनारे लगे बैरिकेड से जोरदार तरीके से टकरा गई।
इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान पलसिडीह गांव के रहने वाले तारणी करमाकर के रूप में की गई है।
कैसे हुआ हादसा?
बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह दुर्घटना बोड़ाम-माधवपुर मुख्य मार्ग पर दुबराजपुर गांव के पास हुई।
प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि मोटरसाइकिल चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण बाइक सीधे सड़क किनारे स्थित बैरिकेड से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक तारणी करमाकर के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल साथी का MGM अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत उसे इलाज के लिए जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मृतक तारणी करमाकर के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल व्यक्ति के स्वस्थ होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी।
ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सके। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
