विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड सरकार का खिलाड़ियों को तोहफा, 493 पदक विजेताओं को मिलेगी ₹4.51 करोड़ की सम्मान राशि

Published: Sat, 12 Sep 2026 01:58 AM (IST)

झारखंड के खेल व युवा कार्य निदेशालय ने 493 पदक विजेता खिलाड़ियों को 4.51 करोड़ रुपये की नकद सम्मान राशि देने पर मुहर लगा दी है।

सीएम हेमंत सोरेन। (फाइल फोटो)

सीएम हेमंत सोरेन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 493 पदक विजेता खिलाड़ियों को 4.51 करोड़ रुपये मिलेंगे।

  2. खेल निदेशालय ने उच्चस्तरीय समिति की बैठक में मुहर लगाई।

  3. पेंशन योजना के प्रचार-प्रसार के लिए उपायुक्तों को निर्देश।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड के खेल व युवा कार्य निदेशालय ने राज्य के 493 पदक विजेता खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा दिया है।

निदेशालय द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में इन खिलाड़ियों को करीब 4.51 करोड़ रुपये की नकद सम्मान राशि देने पर मुहर लग गई है।

वहीं, झारखंड खिलाड़ी पेंशन योजना में बेहद कम आवेदन आने पर चिंता जताते हुए सभी जिलों के उपायुक्तों को इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है।

रांची में खेल निदेशक की अध्यक्षता में हुई बैठक में एक अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2026 के बीच जीते गए पदकों के आवेदनों की समीक्षा हुई।

सम्मान राशि के लिए कुल 911 आवेदन आए थे, जिनमें से 493 खिलाड़ियों को योग्य पाया गया। इन खिलाड़ियों ने हॉकी, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, वुशू व पारा गेम्स सहित 24 विधाओं में 241 स्वर्ण, 136 रजत व 107 कांस्य पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है। नौ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के लिए भी सम्मान राशि मिलेगी।

पेंशन योजना में सिर्फ दो आवेदन योग्य

सरकार ने पूर्व खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए पांच से 20 हजार रुपये प्रतिमाह की पेंशन योजना शुरू की है। समिति ने पाया कि इस लाभकारी योजना के लिए मात्र 21 आवेदन ही मिले।

स्क्रूटनी में सिर्फ दो आवेदन योग्य पाए गए, जबकि अन्य में जरूरी दस्तावेजों का अभाव था। इसे देखते हुए निदेशालय ने सभी उपायुक्त को निर्देश दिया है कि वे अपने स्तर से इस योजना का वृहद प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि योग्य खिलाड़ियों को इसका लाभ मिल सके।

यह भी पढ़ें- झारखंड में गिरिडीह बना छोटे कारोबार का गढ़, 3.20 लाख कामगारों को मिला रोजगार