Board Exam Result: जैक बोर्ड की मैट्रिक व इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को बनाए गए सात केंद्र, जून में जारी हो सकते है रिजल्ट
Board Exam Result Updateजैक की मूल्यांकन की तैयारियों को देखते हुए यह कयास लगाया जा रहा है कि मैट्रिक व इंटर का परीक्षा परिणाम जून के अंतिम सप्ताह में जारी किया जा सकता है। इस बीच जैक नौवीं व 11वीं की परीक्षा भी लेगा।
जमशेदपुर, जासं। जैक बोर्ड की मैट्रिक की परीक्षा समाप्त हो चुकी है। इंटर की परीक्षा भी समाप्त होने वाली है। ऐसे में अब इन परीक्षाओं के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। इस बीच पंचायत चुनाव भी मई में है। पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए ही इस वर्ष उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रत्येक जिले में प्रारंभ होगा। पूर्वी सिंहभूम की बात करें, तो एडीएल हिंदी उच्च विद्यालय कदमा, शारदामणि हाईस्कूल साकची, सेंट मेरीज हिंदी हाईस्कूल बिष्टुपुर, भारत सेवाश्रम संघ उच्च विद्यालय सोनारी, साकची हाईस्कूल साकची, हिंदुस्तान मित्र मंडल गोलमुरी, जमशेदपुर बालिका उच्च विद्यालय साकची को मूल्यांकन केंद्र बनाया जाना है। इन स्कूलों की सूची जैक को उपलब्ध करा दी गई है। वर्तमान में मूल्यांकन कार्य प्रारंभ करने को लेकर जैक को निर्देश प्राप्त नहीं हुआ। जैसे ही निर्देश प्राप्त होगा वैसे ही मूल्यांकन कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भारत सेवाश्रम संघ स्कूल, साकची हाईस्कूल व जमशेदपुर बालिका में होगा। अन्य केंद्रों में मैट्रिक की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा।
एक केंद्र को मिलती है लगभग 80 हजार उत्तर पुस्तिका
जिलों के मूल्यांकन केंद्र को लगभग 80 हजार उत्तर पुस्तिका विभिन्न विषयों की मिलती है। इनका मूल्यांकन 15-20 दिन के अंदर केंद्रों को करना पड़ता है। इंटर की परीक्षा का मूल्यांकन करने में थोड़ा विलंब होता है। इसमें तीनों कला, वाणिज्य व विज्ञान संकाय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होता है। इस मूल्यांकन कार्य में कुल 700 परीक्षकों को लगाया जाना है। इसमें से 250 शिक्षक इंटर के लिए होते हैं।
इंटर में तीन विषयों के नहीं मिलते परीक्षक
इंटर के मूल्यांकन कार्य के लिए तीन विषयों के परीक्षक पूरे कोल्हान में नहीं मिलते हैं। एंथ्रोपोलोजी, फिलाशफी, साइकोलाजी, जियोलाजी विषय की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में खासकर यह दिक्कत होती है। दरअसल इन विषयों में पूरे कोल्हान के प्लस टू विद्यालयों में शिक्षक ही नहीं है। अलबत्ता इस व्यवस्था जैक से अनुमोदन के बाद करनी पड़ती है। जैक से अनुमोदन मिलने के उपरांत ही शिक्षा विभाग डिग्री कालेज के पदस्थापित इन विषयों के शिक्षक से संपर्क करता है और सहमति प्राप्त होने के बाद जैक को नामों की सूची भेजता है। वहां से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद इन विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होता है।
जून के अंतिम सप्ताह में हो सकता है रिजल्ट जारी
जैक की मूल्यांकन की तैयारियों को देखते हुए यह कयास लगाया जा रहा है कि मैट्रिक व इंटर का परीक्षा परिणाम जून के अंतिम सप्ताह में जारी किया जा सकता है। इस बीच जैक नौवीं व 11वीं की परीक्षा भी लेगा। मैट्रिक का मूल्यांकन कार्य 20 दिन में समाप्त हो जाता है। वहीं इंटर का एक माह लग जाता है। इस कारण जैक जल्द से जल्द मूल्यांकन कार्य भी प्रारंभ करना चाह रहा है। इस बारे में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों से लगातार संपर्क में जैक के कर्मचारी है।