ईचागढ़ में आकाशीय बिजली का कहर: खेत में काम कर रही 2 महिलाओं की मौत, 3 झुलसीं
ईचागढ़ के पांडरा गांव में खेत में काम कर रही दो महिलाओं की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।

पांडरा गांव की महिलाएं आपस में मिलकर पास के ही धान के खेतों में सोहनी (खरपतवार की निकाई-गुड़ाई) कर रही थीं।
HighLights
पांडरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से हादसा।
तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
संसू, मिलन चौक (ईचागढ़)। कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के पांडरा गांव में सोमवार दोपहर आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से खेत में काम कर रही दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए ईचागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
धान के खेत में खरपतवार निकाल रही थीं महिलाएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांडरा गांव की महिलाएं आपस में मिलकर पास के ही धान के खेतों में सोहनी (खरपतवार की निकाई-गुड़ाई) कर रही थीं।
इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे अचानक झमाझम बारिश के साथ तेज मेघ गर्जन होने लगी। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और आसपास के खेतों में काम कर रहीं तीन अन्य महिलाएं इसकी चपेट में आकर झुलस गईं।
मृतकों एवं घायलों की पहचान:
- मृतका: सोनामनी महतो (41 वर्ष) एवं मुक्ता महतो (35 वर्ष), दोनों निवासी पांडरा।
- घायल: सुनीता महतो, भानु महतो और सरिता गोप।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो घटनास्थल पर पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
